श्रद्धालुओं से भरे वाहन का सांप ने रोका रास्ता : बेकाबू होकर पलटा, घायलों का हाल जानने कलेक्टर एसपी अस्पताल पहुंचे

Datia News : दतिया। ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर धार्मिक पूजन के लिए भजन कीर्तन करते जा रहे श्रद्धालुओं का सांप ने रास्ता रोक लिया। बीच रास्ते से सांप को गुजरता देख ट्रैक्टर चालक के हाथ पैर फूल गए और सांप को बचाने के फेर में उसका वाहन से संतुलन बिगड़ गया। जिसके पर ट्रैक्टर ट्राली बेकाबू होकर पलट गई। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां चार दिन पहले भी मिनी ट्रक पलट जाने से पांच लोगों की जान चली गई थी।

भांडेर अनुभाग के दुरसड़ा थाना क्षेत्र में कामद-इंदरगढ़ मार्ग पर ग्राम बुहारा स्थित टेकरी माता मंदिर के पास मुख्य सड़क पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसमें सवार 15 लोग घायल हो गए।

घटोरिया पूजने रामगढ़ जा रहे थे श्रद्धालु : देंगुवाचमर के अहिरवार समाज के लोग रामगढ़ माता भांडेर पर घटोरिया पूजने ट्रैक्टर ट्राली से सुबह जा रहे थे। तभी ग्राम बुहारा के पास सड़क पर अचानक एक सांप के बीच रास्ते में आ जाने से चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। जिससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

चार दिन पहले भी हुआ था यहां हादसा : घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार इमलिया शिल्पा सिंह एवं पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इन घायलों में आंशिक रूप से चोटिल छह लोगों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई। जबकि शेष नौ घायलों का उपचार आरंभ किया गया। हालांकि सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं। गत 28 जून को बुहारा के पास चार दिन में यह दूसरी घटना घटित हुई है।

अस्पताल में कलेक्टर एसपी ने पहुंचकर जाना हाल : वहीं दतिया जिला चिकित्सालय में कलेक्टर संजय कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने पहुंचकर घायलों का हालचाल जान और उपचार के बारे में सीएमएचओ डा.आरबी कुरेले व सिविल सर्जन डा. केसी राठौर से जानकारी ली।

घटना को लेकर घायल मंगल सिंह अहिरवार निवासी देेंगुवा का कहना था कि ट्रैक्टर में करीब 30 लोग सवार थे। जो कि एक ही परिवार से थे और घटोरिया पूजने भांडेर जा रहे थे। ट्रैक्टर जब घटना स्थल के पास पहुंचा तो रास्ते में आए सांप को बचाने के फेरे में ड्राइवर ने ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते ट्रैक्टर ट्राली पलट गई।

घटना के विषय में एसडीओपी कर्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में ड्राइवर पर मामला दर्ज कर लिया है। ड्राइवर घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

हादसे में यह हुए घायल : इस हादसे में लालाराम पुत्र तिज्जु अहिरवार, क्रांति पत्नि धर्म अहिरवार, निशा पत्नी विक्रम अहिरवार, भारती पत्नी राकेश अहिरवार, रूबी पत्नि पप्पू, मंगल पुत्र जानकी प्रसाद अहिरवार, आकाश पुत्र धर्म अहिरवार, संजय पुत्र लालाराम अहिरवार, मानव पुत्र आनंद अहिरवार, नारायण पुत्र माखन अहिरवार, कल्याण पुत्र रामसिंह, मंगल पुत्र जानकी प्रसाद आदि के घायल होने की जानकारी मिली है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!