दतिया | जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जनसंपर्क विभाग की गैलरी में अचानक एक सांप दिखाई दिया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, सभी सतर्क हो गए। कुछ देर के प्रयास के बाद सांप को परिसर से बाहर निकाल दिया गया, जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
गैलरी में रेंगता नजर आया सांप : मंगलवार को जनसंपर्क विभाग की गैलरी में कर्मचारी अपने नियमित काम में व्यस्त थे। इसी दौरान गैलरी में सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही कर्मचारियों के बीच हलचल बढ़ गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर हट गए।
स्टाफ ने सावधानी बरतते हुए सांप को कार्यालय से बाहर निकाला। बताया गया कि इसके बाद सांप झाड़ियों की ओर चला गया।
सीलन और झाड़ियों से बढ़ी परेशानी : घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर के दूसरे सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारियों के बीच चिंता देखी गई। कर्मचारियों ने बताया कि परिसर में सीलन, झाड़ियों और पुराने सामान के कारण कई बार सांप, बिच्छू समेत अन्य जहरीले जीवों के आने की आशंका बनी रहती है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों ने भी सुरक्षा को देखते हुए पुराने सामान, अलमारियों और फाइलों के आसपास सफाई शुरू कर दी।
रोजाना पहुंचते हैं बड़ी संख्या में लोग : कलेक्ट्रेट परिसर में कई महत्वपूर्ण सरकारी विभाग संचालित होते हैं। यहां कर्मचारी ही नहीं, बल्कि जिले के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपनी समस्याओं, आवेदनों और सरकारी योजनाओं से जुड़े काम के लिए पहुंचते हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग में महिलाओं और हितग्राहियों की आवाजाही रहती है, जबकि सहकारिता विभाग में किसान और समितियों से जुड़े लोग नियमित रूप से आते हैं। ऐसे में कार्यालयों के भीतर जहरीले जीवों की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रशासन से सफाई और सुरक्षा इंतजाम की मांग : सांप मिलने की घटना के बाद कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही झाड़ियों की कटाई, पेस्ट कंट्रोल और ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी की मांग भी उठाई गई है, जहां से जहरीले जीव कार्यालयों में प्रवेश कर सकते हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से भविष्य में किसी बड़े हादसे की संभावना को टाला जा सकता है।

