दतिया । पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के ब्रिटेन में एक नए स्वरूप में आने से चर्चा का विषय बना हुआ है । ऐसे में धार्मिक आयोजनों में सोशल डिस्टेंस का पालन किया जाना जरुरी है। यह बात कलेक्टर संजय कुमार ने न्यू कलेक्ट्रेट सभागार में शहर के सामाजिक संगठन एवं स्कूलों के संस्थापक व व्यापारियों के साथ बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहाकि कोरोना संक्रमण का खतरा टला नहीं है। यह नियंत्रण में तभी रहेगा जब सभी जागरुकता दिखाएंगे। इसके लिए जरुरी है कि आयोजनों के दौरान निर्धारित दो गज की दूरी का सभी पालन करें। बैठक में सीएमएचओ एसएन उदयपुरिया ने दतिया जिले में कोरोना के बारे जानकारी सामने रखी गई। जिसमें उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल 40 मरीज जिला चिकित्सालय में भर्ती है। वहीं रिकवरी रेट भी 97 परसेंट हो गया है।
सीएमएचओ ने सामाजिक संगठनों से दतिया जिला अस्पताल की साप्ताहिक निगरानी करने की बात भी रखी, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जा सके। कलेक्टर संजय कुमार ने मौसम में ठंडक को देखते हुए समाजसेवी संगठनों से अपील की है,कि लोगों को जागरूक करें एवं धार्मिक आयोजनों में सोशल डिस्टेंसिंग एवं मुंह पर मास्क का विशेष ख्याल रखें, क्योंकि जब तक दवाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं । आने वाले दिनों में ठंड अधिक होने की वजह से मरीजों की संख्या ना बढ़े, इसके लिए सतर्कता बहुत जरुरी है।
बैठक में सीएमएचओ डॉ.उदयपुरिया, एसडीएम अशोक चौहान एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समाजसेवी ओमप्रकाश बिजपुरिया, रमेश गंधी, बल्देव राज बल्लू, गोविंद ज्ञानानी, डॉ. राजीव त्यागी, राजू गुगोरिया, राजेश मोर, मनिंदर सिंह, जीतू कमरिया, शांतनु, रामजी राय, वैभव खरे उपस्थित रहे।

