दतिया । ग्रीन दतिया क्लीन दतिया बनाए जाने के लिए आओ सवांरे दतिया नाम से शुरू होने वाले वाट्सअप ग्रुप के संबंध में कलेक्टर संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर की विभिन्न समाजसेवी संस्थाएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की बैठक दतिया मोटल में सम्पन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर ने कहाकि हमें दतिया शहर को सभी के सहयोग से ग्रीन दतिया क्लीन दतिया की तर्ज पर नगर को साफ सुथरा रखने एवं पार्को को विकसित करना है। इसके लिए समाज के विभिन्न क्षेत्र में कार्य करने वाले समाजसेवी, सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, पर्यावरणविद् आदि का सहयोग लेकर लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजसेवी डाॅ.राजू त्यागी द्वारा नगर में जिस प्रकार पार्को को विकसित किया जा रहा है।
उसी प्रकार नगर में रिक्त भूमि पर पार्को को विकसित करने का कार्य किया जाएगा। इस कार्य में स्थानीय लोगों एवं नगर निकाय का भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि आओ संवारे दतिया नाम से वाट्सअप ग्रुप शुरू किया गया है। बैठक में उपस्थित समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों तथा पर्यावरण संरक्षकों ने दतिया ग्रीन एवं क्लीन के संबंध में अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
गौरतलब है कि हाल में कुछ दिन पूर्व दतिया शहर में खाली पड़ी सरकारी जमीनों पर पार्क विकसित किए जाने को लेकर कलेक्टर शहर का भ्रमण भी कर चुके हैं। जिसमंे उन्होंने समाजसेवियों की मदद से नगर की सुन्दरता को निखारने के लिए पार्क विकसित किए जाने की मंशा जताई थी। इसके बाद से ही यह प्रक्रिया शुरु कर दी गई। इसी क्रम में कलेक्टर ने बैठक लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवी वर्ग से आगे आकर इस कार्य में मदद का आव्हान किया है।

