कभी बेटर बनकर तो कभी सूटबूट पहनकर शादी में शामिल होता था चोर, रात में उड़ा देता था माल

मैरिज गार्डन से लाखों रुपये उड़ा ले जाने वाला अंतर्राज्यीय चोर पकड़ा

दतिया। गत 13 फरवरी को पटवारी फार्म हाउस में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक कमरे में रखे रुपये से भरे बैग को चोरी कर ले जाने वाले अंतर्राज्यीय शातिर चोर को बडौनी व जिगना पुलिस टीम ने 2 मार्च को स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उक्त चोर पर 10 हजार का इनाम घोषित था, जो रैकी लगाकर अक्सर विवाह समारोह में चोरी करता था। आरोपित चोर ने विगत 10 साल में बनारस, मेरठ ,लखनऊ, कानपुर, नागपुर जैसे बड़े शहरों में चोरी की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देना स्वीकारा है।

इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड ने बताया कि एएसपी कमल मौर्य एवं एसडीओपी बडौनी उपेंद्र कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बडौनी रविंद्र शर्मा व थाना प्रभारी जिगना वैभव गुप्ता की संयुक्त टीम द्वारा अंतर्राज्यीय चोर विशांत सिसोदिया पुत्र राजपाल सिसोदिया निवासी ग्राम कड़िया सांसी तहसील पचौर जिला राजगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित चोर विशाल

आरोपित ने गत 13 फरवरी को नारायणदास सुंदरानी पुत्र स्व. द्वारका प्रसाद सुंदरानी निवासी गुरुनानक कालोनी के लड़के सपन सुंदरानी के शादी समारोह के दौरान कस्तूरी मैरिज गार्डन पटवारी फार्म हाउस के कमरा नंबर 101 में एक हरे बैग के अंदर 4 लाख 75 हजार की रकम रखी थी। रात्रि के समय कमरे के पीछे की खिड़की का कांच तोड़कर उक्त चोर वहां घुस गया और बैग में रखे रुपये चुराकर ले उड़ा। 14 फरवरी को रिपोर्ट थाना बडौनी में दर्ज कराई गई थी। मुखबिर की सूचना व तकनीकी मदद से 2 मार्च को रेलवे स्टेशन से विशांत सिसोदिया को गिरफ्तार कर निशानदेही पर उसके घर में छुपाकर रखे रुपये 2 लाख 50 हजार रुपये काले रंग का बैग से बरामद किया गया ।

सूटबूट पहनकर शादियों होता था शामिल

आरोपित ने पूछतांछ में बताया कि वह विगत 10 साल से कई राज्यों के बड़े शहरों में चोरियां करता आ रहा है। बड़े शादी समारोह में रैकी करने के बाद कभी बेटर की ड्रेस में तो कभी सूट-बूट पहन कर शादी में सम्मिलित हो जाता और मौका पाकर गहने तथा नगदी लेकर फरार हो जाता था। आरोपित ने नवंबर 2000 में बनारस में गार्डन माल के पास, जनवरी 2020 में कानपुर, मेरठ में बेगमपुर पुल के पास मैरिज गार्डन से, फरवरी 2020 में लखनऊ एयरपोर्ट के पास मैरिज गार्डन से तथा फरवरी 2021 में नागपुर से लाखों रुपये की नगदी तथा गहनों की चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपित से पूछतांछ कर रही है।

पुलिस अधिकारी का सम्मान करते सिंधी समाज के लोग

पुलिस का सिंधी समाज ने किया सम्मान

लाखों की चोरी का जब पुलिस कप्तान अमन सिंह राठौड़ की कप्तानी में दो जांबाज थाना प्रभारियों ने खुलासा किया तो आम लोगो ने भी उनके सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। सिंधी समाज के युवक के विवाह समारोह में कस्तूरी मैरिज गार्डन में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करने वाले पुलिस कप्तान अमन सिंह राठौड व बडौनी थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा, जिगना थाना प्रभारी वैभव गुप्ता का एसपी कार्यालय पहुंचकर सिंधी समाज के वरिष्ठ लोगों ने पुष्प गुच्छ व पुष्प माला से सम्मान किया। इस दौरान सिंधी समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter