महिला अपराधों की रोकथाम में करें विशेष प्रयास, माफियाओं पर हो सख्त कार्रवाई, आईजी ने दिए निर्देश

दतिया ।  शनिवार को चंबल रेंज के आईजी मनोज शर्मा दतिया पहुंचे । उन्होंने यहां मां पीतांबरा के दर्शन किए। इसके पश्चात पुलिस कंट्रोल रूम में जिले भर के थाना प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने मुख्यममंत्री की वर्ष 2021 की प्राथमिकताएं एवं पुलिस मुख्यालय के दिशा निर्देशों का पालन करने के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। आईजी मनोज शर्मा शनिवार को जिले के दौरे पर थे।

आईजी मनोज शर्मा ने एसपी आफिस में जिले के सभी थाना प्रभारियों व राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल सिंह मौर्य, एसडीओपी दतिया सुमित अग्रवाल सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में आईजी मनोज शर्मा ने कहाकि अवैध शराब की धरपकड़ को लेकर दतिया पुलिस का कार्य प्रशंसनीय है। उन्होंने कहाकि माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कमी नहीं आनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने गंभीर अपराधों और महिला अपराधों से संबंधित जानकारी भी ली।

बता दें कि दतिया पुलिस ने अभी तक शराब माफियाओं के खिलाफ मुहिम में 25 हजार लीटर अवैध शराब पकड़ी है। जिसका मूल्य दो करोड़ रुपये से अधिक है। अवैध शराब शराब बनाने के उपकरण भी पुलिस ने पकड़े हैं । इसे लेकर उन्होंने दतिया पुलिस बल की सराहना भी की। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से कहा गया कि किसी भी गरीब को न्याय मिलने में देरी ना हो, उसकी सुनवाई तुरंत की जाए। महिला सम्मान कार्यक्रम को लेकर भी आईजी शर्मा ने संतोष जताया।

आईजी शर्मा ने अपने प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में बताया कि महिला अपराधों की रोकथाम को लेकर और कारगर तरीके अपनाए जाएंगे ताकि आने वाले दिनों में महिला अपराधों में कमी आ सके। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी और माफियाओं के विरुद्ध भी विशेष रणनीति अपनाकर कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए पुलिस को खास तैयारियों की आवश्यकता होगी। जिसे लेकर वह थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक लेने यहां आएं हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter