तेज रफ्तार वाहन ने हाइवे पर बाइक में मारी टक्कर, महिला की जान गई, पिता-पुत्र गंभीर हालत में भर्ती

Datia News : दतिया । ग्वालियर हाइवे रोड पर तेज रफ्तार से जा रहे अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना में जहां बाइक सवार महिला की मौत हो गई वहीं पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। बडौनी थाना क्षेत्र पुलिस ने इस मामला में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

बड़ौनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतन पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार दोपहर अज्ञात वाहन ने एक बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

वही उसके पति तथा पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भर्ती कराया। बड़ौनी पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार थाना बड़ौनी के ग्राम सिजोरा निवासी मंशाराम प्रजापति पुत्र मोहन लाल प्रजापति गुरुवार को अपनी पत्नी रमाबाई व पुत्र कप्तान के साथ अपने किसी रिश्तेदार के यहां झांसी गमी में शामिल होने गए थे।

यहां से वह अपने गांव बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रतन पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास के लोगों ने मामले की सूचना बड़ौनी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने महिला रमाबाई को मृत घोषित कर दिया।

उसके पति व पुत्र को गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। दोनों पिता पुत्र की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन का अभी पता नहीं लग सका है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter