दतिया। जिले के प्रसिद्ध पण्डोखर धाम स्थित रुद्र बाली माता परिसर में गुरुवार को पारंपरिक खेलों का भव्य आयोजन किया गया। सरपंच एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा (रामजी) के नेतृत्व में आयोजित बैलगाड़ी एवं घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। प्रतियोगिता को देखने और इसमें भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी, जिससे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।

इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण परंपराओं को जीवित रखने का संदेश दिया, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और रुचि भी पैदा की। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने जोश, कौशल और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार : बैलगाड़ी एवं घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। बैलगाड़ी दौड़ में मुन्ना राजपूत (पण्डोखर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अजय पाल (पण्डोखर) द्वितीय रहे। घोड़ा दौड़ में बिंटू यादव (खजकरिया) ने पहला स्थान हासिल किया और राजन प्रजापति (भांडेर) दूसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा बेल दौड़ में राजू राजपूत (बडेरा) ने प्रथम और हुकुम सिंह गुर्जर (रौनी) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को साइकिल, एंड्रॉयड टीवी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण परंपराओं को सहेजने की पहल : आयोजन के दौरान क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होते रहें, तो आने वाली पीढ़ी भी इन पारंपरिक खेलों से जुड़ी रहेगी।
खेलों से मजबूत होता है समाज और स्वास्थ्य : आयोजनकर्ता रामकुमार शर्मा ने कहा कि सामाजिक और पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं समाज को एकजुट करने के साथ-साथ युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का आश्वासन दिया।

