निर्माणाधीन मकान की बीम टूटने से मजदूरों पर गिरे पत्थर, 8 मजदूर गंभीर घायल, एक की मौत, गांव वाले अस्पताल लेकर पहुंचे

Datia News : दतिया। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिमथरा में शनिवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान पर पत्थर चढ़ाने के दौरान बीम टूट जाने से 8 मजदूर घायल हो गए। जिनमें से एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

घायलों में शामिल तीन मजदूरों को गंभीर हालत होने पर ग्वालियर रैफर किया गया है। हादसे के बाद आसपास अफरा तफरी मच गई। घायलों को गांव के लोेग अस्पताल लेकर दौड़े।

जानकारी के अनुसार ग्राम सिमथरा निवासी हुकुमसिंह कुशवाहा के यहां मकान का काम चल रहा था। शनिवार को िनर्माणाधीन मकान पर पत्थर चढ़ाए जा रहे थे। इस दौरान कुछ मजदूर ऊपर और शेष नीचे खड़े होकर पत्थर चढ़ाने का काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक मकान की बीम टूट गई। जिसके साथ नीचे गिरे पत्थरों से वहां काम कर रहे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस हादसे में मजदूर उमेश पुत्र प्रताप गौतम, शंकर पुत्र बलवंत ठाकुर, प्रमोद पुत्र मनीराम कुशवाहा, धर्मेंद्र पुत्र कोमल कुशवाहा, हरपाल पुत्र रतन सिंह ठाकुर, अरविंद पुत्र राजाराम कुशवाहा एवं मकान स्वामी हुकुमसिंह कुशवाह भी घायल हो गए

जबकि मजदूर रघुवीर कुशवाहा की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना में गंभीर घायल 3 मजदूरों को ग्वालियर रेफर किया गया है।

मजदूरों के ऊपर आ गिरे पत्थर

मकान पर पत्थर चढ़ाने के दौरान अचानक टूटी बीम से वहां नीचे खड़े मजदूरों पर पत्थर गिरना शुरू हो गए। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि मजदूरों को वहां से भागने का मौका भी नहीं मिल पाया।

जिसके कारण एक मजदूर रघुवीर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। सभी ग्रामीण एक दूसरे की मदद के लिए दौड़ पड़े। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter