दतिया। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात व्यापक स्तर पर कोम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने एक साथ शहरी और ग्रामीण इलाकों में दबिश देकर कुल 76 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 स्थायी वारंटी भी शामिल हैं।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें जिले के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आदतन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
रातभर चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाशों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जांच की। इसके साथ ही 77 हिस्ट्रीशीटर और 108 गुंडा प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चेक किया गया। इस तरह कुल 185 से अधिक संदिग्ध और निगरानीशुदा लोगों की अचानक जांच की गई, जिससे आपराधिक तत्वों में खलबली मच गई।
कोम्बिंग गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं में जाकर गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई और आवश्यक होने पर वैधानिक कार्रवाई भी की गई।
अभियान की निगरानी स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर गश्त का निरीक्षण किया और पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

