सड़क सुरक्षा पर सख्ती : 15 दिन के अभियान में कटे 97 हजार से ज्यादा चालान, वसूले गए 2.87 करोड़ रुपए

भोपाल : मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई। अभियान में हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों पर विशेष फोकस रखा गया, जिसके तहत हजारों चालान बनाए गए और करोड़ों रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक प्रदेशभर में चलाए गए अभियान का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों, विशेषकर युवाओं और महिला वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों को लेकर जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल कानूनी आवश्यकता नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में हेलमेट के बिना वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 97 हजार 965 चालान बनाए गए। इसके साथ ही करीब 2 करोड़ 87 लाख रुपये से अधिक की राशि शमन शुल्क के रूप में वसूली गई। गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 5 हजार से अधिक ड्राइविंग लाइसेंसों के निलंबन संबंधी प्रस्ताव भी परिवहन विभाग को भेजे गए।

अभियान में विभिन्न जिलों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिसमें कुछ जिलों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। पुलिस विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter