दतिया । जुझारपुर धाम में चल रही श्रीमद् भागवत कथा रविवार को ब्रज की फूलों की होली के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुई। इससे पूर्व कथा व्यास मुकेश महाराज ने भक्तों को सुदामा चरित्र की कथा का श्रवण कराया। कथा सुनकर श्रोतागण भाव विभोर हो गए। इसके साथ ही कथा पंडाल में श्रीकृष्ण व सुदामा की मैत्री की सुंदर झांकी प्रस्तुत की गई। कथा के अंत में ब्रज की होली का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने श्रीकृष्ण और राधारानी के साथ फूलों की होली खेली।
इस दौरान पंडाल में बैठे भक्तों पर भी जमकर फूलों की वर्षा की गई। युवा कार्यसमिति सदस्य मयंक गुप्ता ने बताया कि श्री शीतला माता धाम जुझारपुर में हर वर्ष श्रीमद् भागवत कथा और मेले का आयोजन किया जाता है। सोमवार को कथा स्थल पर हवन और कन्या भोज का कार्यक्रम आयोजित होगा। गौरतलब है कि शीतला माता मंदिर के प्रांगण में विशाल मेले का आयोजन 23 दिसंबर तक किया जाएगा। जिसमें ग्राम में माता के जवारे बोए गए हैं, जिन्हें लेकर भक्त माता के मंदिर पर पहुंचेंगे, उसके बाद सभी एक साथ ग्राम की परिक्रमा के लिए निकलेंगे। जिसमें भक्त हनुमान मंदिर, बोदनी माता मंदिर और राजेश्वारी माता मंदिर होते हुए वापिस शीतला माता मंदिर पहुंचकर परिक्रमा पूर्ण करेंगे। मां शीतला की महाआरती के साथ मेले का समापन होगा।
संतान की मनोकामना के लिए बांटे जाते हैं नारियल
इस धार्मिक आयोजन के दौरान आरती से पहले और आरती के बाद उन माताओं को नारियल प्रदान किया जाता जो संतान प्राप्ति और अन्य कार्य पूर्ण करने की मनोकामना लेकर वहां आती हैं। माना जाता है कि शीतला माता की कृपा से भक्तों का मनोकामना पूर्ण होती है।

