सेवढ़ा क्षेत्र में बनाई जाएंगी मजबूत सड़कें,  विधायक ने नीमडांडा में किया भूमि पूजन

दतिया । सेवढ़ा क्षेत्र में ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में जो भी सड़कें बनेंगी वह मजबूत हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यह बात सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नीमडांडा में 98 लाख की लागत से नीमडांडा से किटाना तक बनने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के भूमि पूजन के दौरान कही।

इस मौके पर विधायक घनश्याम सिंह ने कहाकि नीमडांडा से किटाना तक 3 किमी पक्की सड़क बनने से दतिया जिले के इन दोनों गांवों के अलावा भिण्ड जिले के दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोग लाभांवित होंगे। सेवढ़ा से भिण्ड जाने के लिए लोगों को 20 किमी की दूरी अब कम तय करनी पड़ेगी।

उन्होंने कहाकि हेवी ट्रेफिक गुजरने के कारण सेवढ़ा क्षेत्र की जो सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें उखाड़ कर मजबूत सड़कें बनाई जा रही हैं। जो भारी वाहनों के गुजरने पर भी क्षतिग्रस्त नहीं होगी। इसी क्रम में सेवढ़ा क्षेत्र में 4 सडकें स्वीकृत कराई गई हैं। जिनमें थरेट से टोड़ा पहाड़ तक सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा हैं तथा धीरपुरा से गोराघाट, मंगरोल से रुहेरा तथा सिलोरी से जुझारपुर के लिए स्वीकृत सड़कों के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। अप्रेल से इन सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अन्नू चौहान ने किया।

इस अवसर पर गुलाब सिंह गौर, शंकर सिंह गौर, जंडेल सिंह कुशवाह, दुर्गासिंह, तहसीलदार सिंह, जनक सिंह पूर्व सरपंच, सुरेन्द्र सिंह गुर्जर, बुद्धसिंह, जितेंद्र सिंह, राजेन्द्र नोनेरिया, उधम सिंह बाबा, शिवप्रताप गौर, हरिमोहन त्यागी, हरपाल त्यागी उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter