नरवाई की आग ने मचाई तबाही : तेज हवाओं से बेकाबू लपटें, किसानों की मेहनत पलभर में राख !

दतिया :  जिले के बड़ौनी क्षेत्र अंतर्गत मरोड़ गांव में रविवार दोपहर अचानक नरवाई में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। करीब साढ़े तीन बजे शुरू हुई आग ने तेज हवा के चलते कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और फैलते हुए पड़ोसी गांव छता तक पहुंच गई। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के खेतों में खड़ी और कटी फसलें इसकी चपेट में आने लगीं। ग्रामीणों के अनुसार हवा की रफ्तार अधिक होने के कारण लपटों पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया और देखते ही देखते बड़े क्षेत्र में आग फैल गई।

ढाई बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक : इस हादसे में एक किसान की लगभग ढाई बीघा कटी हुई गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। इसके अलावा खेतों में रखा भूसा भी आग की भेंट चढ़ गया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। आग की चपेट में आने से कई किसानों की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख हो गई।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता : घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने स्वयं ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तेज हवा के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती रही।

फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया नियंत्रण : सूचना मिलते ही बड़ौनी से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते नियंत्रण नहीं होता तो नुकसान और भी बढ़ सकता था।

नुकसान का होगा सर्वे, मिलेगा मुआवजा : प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को शासन की ओर से राहत और मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर यह संकेत देती है कि गर्मी और तेज हवा के मौसम में नरवाई जलाने या उससे जुड़ी लापरवाही कितनी खतरनाक साबित हो सकती है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter