कृषि छात्रों के खाते में पहुंची बड़ी मदद : 6 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को ₹21.35 करोड़ की स्कॉलरशिप

नई दिल्ली | देशभर के कृषि विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने छात्रवृत्ति से जुड़ी नई व्यवस्था की शुरुआत की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ICAR-IARI, पूसा में नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए 6 हजार से अधिक कृषि विद्यार्थियों को कुल ₹21.35 करोड़ की स्कॉलरशिप और फेलोशिप राशि जारी की। राशि का भुगतान सीधे DBT के माध्यम से विद्यार्थियों तक किया गया।

अब सीधे DBT से मिलेगी छात्रवृत्ति : नई व्यवस्था का उद्देश्य कृषि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि समय पर उपलब्ध कराना है। NSP-DBT प्रणाली के जरिए भुगतान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने पर जोर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छात्रवृत्ति को केवल आर्थिक मदद के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा, कौशल और नए अवसरों से जोड़ने का जरिया भी है।

खेत में उतरकर सीखने पर जोर : केंद्रीय मंत्री ने कृषि विद्यार्थियों से कहा कि कृषि की असली समझ केवल कक्षा में पढ़ने से विकसित नहीं हो सकती। इसके लिए प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, खेतों में काम और तकनीकी अनुभव भी जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में नौकरी तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए रिसर्च, इनोवेशन और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्रों से कृषि शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव देने की अपील की।

किसान और वैज्ञानिकों के योगदान को सराहा : शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने में किसानों के परिश्रम के साथ वैज्ञानिकों का शोध भी महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने ICAR के वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करते हुए युवाओं से कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीक और अनुसंधान का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने करियर के साथ ऐसे लक्ष्य भी तय करने चाहिए, जिनसे देश और समाज को लंबे समय तक लाभ मिल सके।

कृषि में इनोवेशन और तकनीक को बढ़ावा : केंद्रीय मंत्री ने कृषि शिक्षा को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और उद्योग की जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और युवाओं की रचनात्मक सोच की भूमिका और बढ़ेगी।

सरकार की प्राथमिकताओं में खाद्य सुरक्षा, पोषण और किसानों की आय को सुरक्षित करने के साथ कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाना भी शामिल है।

हरियाली अमावस्या पर पौधारोपण की अपील : हरियाली अमावस्या के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने देशभर के ICAR संस्थानों से जुड़े कृषि विद्यार्थियों से पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को कृषि क्षेत्र से जोड़ते हुए युवाओं को हरित पहल में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!