दतिया । मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम दतिया में मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेंस में दिए गए निर्देशों के पालन में विभिन्न बिन्दुओं पर प्रभावी कार्यवाही करने के लिए सभी थाना प्रभारियों की मीटिंग ली और निर्देशित किया। मीटिंग में दतिया एसडीओपी सुमित अग्रवाल, भांडेर एसडीओपी मोहित यादव, बडौनी एसडीओपी उपेंद्र दीक्षित सहित सेवढ़ा अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राठौड ने कहाकि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में महिलाओं के विरूद्ध घटित अपराधों सहित अन्य अपराधों का पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित समयावधि 02 माह में निराकरण करने का हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहाकि घटित अपराधों के निराकरण में अनावश्यक देरी और कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए प्रयास करें कि समयसीमा में मामलों का निराकरण हो।
इन अपराधो पर कार्रवाई के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक राठौड ने अजा-अजजा के विरूद्ध घटित अपराधों एवं राहत राशि के प्रकरणों का दो माह में निराकरण करने, गुमशुदा नाबालिग लड़के एवं लड़कियों की दस्तयाबी में तत्काल कार्यवाही करने, ऐसे अपराधी जो महिलाओं के प्रति निरंतर अपराध करते हैं, उनके विरूद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जैसे जिला बदर, एनएसए एवं अतिक्रमण हटाना आदि कार्रवाई करने, चिटफंड कम्पनियों के विरूद्ध कार्यवाही कर निवेशकों के पैसा वापिस कराए जाने की प्रभावी कार्यवाही करने, सायबर सम्बन्धी वित्तीय अपराधों की शिकायतों में फरियादियों का तत्काल पैसा वापिस कराए जाने संबंधी कार्यवाही करने को कहा गया है।
इसके साथ ही अवैध रेत माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही करने, भू-माफिया एवं अन्य आपराधिक तत्व जिनके द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया हो उन पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने, मिलावट के विरूद्ध अभियान चलाने, राशन माफिया के विरूद्ध कार्यवाही करने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने एवं उर्वरक माफिया के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान बैठक में बडौनी थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा, चिरुला थाना प्रभारी गिरीश शर्मा, थरेट थाना प्रभारी शशांक शुक्ला, भांडेर थाना प्रभारी विजय लोधी, पंडोखर थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर, दुरसड़ा थाना प्रभारी मोहर सिंह मंडेलिया सहित सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

