महाराष्ट्र, गुजरात में मुसीबत खड़ी कर सकता है ‘टाक्टे’ तूफान, 16 मई से तेज बारिश के आसार

मुंबई : दक्षिण पूर्वी अरब सागर में हवाओं के दबाव के कारण आकर ले रहे समुद्री तूफान से महाराष्ट्र और गुजरात के समुद्र तटीय इलाकों में 16 से 17 मई के बीच तेज बारिश के हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं के दबाव से यदि तूफान के आसार बने तो इसे ‘टाक्टे’ नाम से जाना जाएगा। यह नामकरण म्यांमार ने किया है। बर्मी भाषा में इसका अर्थ छिपकली होता है। मौसम विभाग के सूत्रों अनुसार यह तूफान 2021 का पहला तूफान होगा।

दक्षिण पूर्वी अरब सागर में बन रहे इस तूफान के कारण मुंबई में 16-17 मई को तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस संभावित तूफान के बारे में मौसम विभाग ने सप्ताह की शुरुआत में ट्विटर पर पूर्वानुमान व्यक्त किया था। बुधवार को सेटेलाइट की तस्वीरों में मौसम विभाग के अधिकारियों ने अरब सागर में पश्चिमी तट पर घने बादलों का जमाव देखा है। गुरुवार को मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मिड डे से बातचीत में इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि टाक्टे 16 मई को मुंबई में दस्तक दे सकता है।

इस बीच गुजरात की राजधानी गांधीनगर से मिली जानकारी के अनुसार टाक्टे तूफान गुजरात के तट पर 18 से 19 मई के बीच टकरा सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बताया कि राज्य प्रशासन तूफान की आशंका से सतर्क है। सभी तरह की तैयारियां कर ली गई हैं। इस बीच तमिलनाडु सरकार ने अरब सागर में मछली पकड़ने के लिए निकले अपने राज्य के 2500 मछुआरों को इस तूफान के बाबत सतर्क कर दिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter