अफगानिस्तान के 85 फीसदी हिस्से पर तालिबान ने किया कब्जा, सैनिकों को खदेड़ा, लागू कर रहा अपने कानून

काबुल : अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की हो रही वापसी के बीच आतंकी संगठन तालिबान तेजी से इस देश पर काबिज होते जा रहा है। उसने युद्ध प्रभावित इस देश के 85 फीसद से ज्यादा हिस्से पर कब्जा कर लिया है।

यह दावा रूस की राजधानी मास्को पहुंचे तालिबान प्रतिनिधिमंडल ने किया है। हालांकि अफगान सरकार ने इस बात का खंडन किया और कहा कि यह सिर्फ दुष्प्रचार है।

तालिबान प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शहाबुद्दीन दिलावर ने मास्को में पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, ‘आप और पूरी दुनिया को यह पता चल चुका है कि अफगानिस्तान का 85 फीसद हिस्सा हमारे नियंत्रण में आ गया है।’

उन्होंने यह भरोसा भी दिया कि तालिबान अफगानिस्तान को दूसरे देशों पर हमले के लिए प्लेटफार्म बनने नहीं देगा। इधर, अफगान अधिकारियों ने तालिबान के इस दावे को खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका समेत विदेशी बलों की वापसी के बीच यह सिर्फ एक दुष्प्रचार है। हालांकि कई अधिकारियों ने यह माना कि तालिबान आतंकियों का हेरात समेत कई प्रांतों के अहम जिलों पर कब्जा हो गया है।

चीन ने अपने नागरिकों को निकाला समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, चीन ने अफगानिस्तान से अपने 210 नागरिकों को निकाल लिया है। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने शुक्रवार को बताया कि गत दो जुलाई को विशेष विमान से इन नागरिकों को स्वदेश लाया गया।

सात अफगान पायलटों की हत्या अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की वापसी शुरू होने के साथ ही तालिबान के हमले बढ़ गए हैं। उसने वायु सेना के पायलटों को भी निशाना बनाया है। अफगान अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में सात पायलटों की हत्या कर दी गई। पहले ऐसी घटना नहीं होती थी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter