अपने महाराज को बधाई देने पहुंची इमरती की आंखों में छलके आंसू, सिंधिया ने आगे बढ़कर गले से लगाया

New Delhi : नईदिल्ली । पूर्व मंत्री इमरती देवी सिंधिया खेमे की सबसे खास मानी जाती है। वह कई बार सार्वजनिक मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति अपने समर्पणभाव के बारे में कह चुकी हैं। अब केंद्रीय मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया काे हर तरफ से बधाई मिल रही है।

पूर्व मंत्री इमरती देवी दिल्ली में उन्हें बधाई देने पहुंची, जहां बधाई देते समय वह भावुक हो गईं। इमरती के चेहरे पर मुस्कान थी, पर आंखों से आंसू बह रहे थे।

यह देखकर सिंधिया भी खुद को नहीं रोक पाए और भावुक होकर इमरती देवी को गले लगा लिया। करीब 20 मिनट तक चली इस मुलाकात में ढेर सारी बातें हुई। इसके बाद सिंधिया ने यह भी बताया कि वह शुक्रवार रात तक ग्वालियर पहुंच सकते हैं।

मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया का ग्वालियर चंबल अंचल में ही नहीं पूरे मध्य प्रदेश में कद बढ़ा है। इस बढ़ते हुए कद में उन सभी विधायकों का बहुत योगदान है, जिन्होंने कांग्रेस से भाजपा में जाते समय उनके लिए अपने मंत्री और विधायक के पद को दांव पर लगा दिया।

इन्हीं में से एक नाम है पूर्व मंत्री इमरती देवी का। सबसे पहले सिंधिया के लिए इस्तीफा या मंत्री पद दांव पर लगाने वालों में इमरती सबसे आगे थीं।

बुधवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री पद की शपथ ली और उनको नागरिक उड्डयन मंत्रालय मिला तो गुरुवार को इमरतीदेवी उनसे मिलने दिल्ली पहुंच गईं।

गुरुवार को वह मंत्रालय स्थित सिंधिया के दफ्तर पहुंचीं और उनसे मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री बनने की बधाई दी। दोनों की मुलाकात काफी इमोशनल हुई है।

इमरती के आंखों में अांसू देख सिंधिया ने लगाया गले

जब इमरती देवी ने कहा कि मंत्री बनने की बधाई हो महाराज साहब तो सिंधिया ने मुस्कुरा कर अभिवादन स्वीकार किया। पर इसी समय इमरती देवी भावुक हो उठीं और उनकी आंखे आंसू से भर आईं। यह आंसू खुशी के थे, लेकिन यह देखकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया से भी रहा नहीं गया और वह भी भावुक हो उठे। उन्होंने दो कदम आगे बढ़कर तत्काल इमरती देवी को गले लगा लिया।

इमरती बोली महाराज साहब के मंत्री बनने पर बहुत खुशी

पूर्व मंत्री इमरती देवी अभी दिल्ली में हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री बनने पर वह महाराज साहब को बधाई देने गई थीं। उनके केंद्रीय मंत्री बनने से वह बहुत खुश हुई हैं। वह इसके हकदार भी थे। साथ ही बताया जैसा कि महाराज साहब से बात हुई है वह शुक्रवार शाम या रात तक ग्वालियर आ सकते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter