दतिया । केंद्र सरकार किसान विरोधी तीनों कृषि बिल तत्काल वापिस ले। कृषि बिल को लेकर किसानों में आक्रोश है। पिछले कई दिनों से किसान कृषि बिलों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलनरत है। अब तक 60 किसान आंदोलन के दौरान शहीद जो चुके हैं, फिर भी केंद्र सरकार किसानों की मांग मानने के लिए तैयार नहीं हैं। यह बात सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने सोमवार को सेवढ़ा तहसील कार्यालय पर कृषि बिल के विरोध में ट्रैक्टर रैली के साथ पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार ताहिर खान को ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने जिला प्रशासन पर भी जमकर हमला बोला। विधायक ने कहाकि पूरे जिले में कच्ची शराब की भट्टियां चलने, नदियों पर पनडुब्बियां लगाकर अवैध रेत उत्खन्न, गोवंश की तस्करी रोक पाने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। पुलिस एवं प्रशासन की मिली भगत से जिले में अवैध शराब का कारोबार फल फूल रहा है। यह पहली बार हुआ है कि कहीं जहरीली शराब पीकर गायें मरी हों । इंदरगढ़ में 15 गायें जहरीली शराब पीकर मर गई और कई गंभीर बीमार है। प्रशासन मामले की लीपापोती में लगा है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहाकि रेत का अवैध उत्खन्न, अवैध शराब, जुआ सट्टा भाजपा नेताओं के इशारे पर चल रहा है। जबकि जिले में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे। इससे पूर्व धीरपुरा से सेवढ़ा तक 50 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर रैली विधायक घनश्याम सिंह के नेतृत्व में कृषि बिल के विरोध में निकाली गई । रैली को जिला कांग्रेस अध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक घनश्याम सिंह स्वयं ट्रैक्टर चलाकर रैली में शामिल हुए।
रैली में देवाशीष जरारिया, इंदरगढ़ ब्लाक अध्यक्ष बीके जाटव, दीपेंद्र पुरोहित, जिला अध्यक्ष युवक कांग्रेस विष्णु गुर्जर, जितेंद्र सिंह पठारी, कोकसिंह पटेल, अनार सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में किसान व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। ट्रैक्टर रैली का थरेट में ब्लाक अध्यक्ष राम शर्मा, कमलकिशोर शर्मा, नवनीत महंत, राजकुमार शर्मा आदि ने स्वागत किया। सेवढ़ा में जनवेद सिंह कुशवाह, अरुण शर्मा अन्ने, जयेंद्र सिंह सेंगर, जयवेन्द्र सिंह परिहार, सत्येंद्र यादव, अपरवल साहनी, ऊधम सिंह बाबा, अशोक दांगी बागदा आदि आंदोलन में शामिल हुए।

