जम्मू-कश्मीर में मारे गये जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों की पहचान निसार अहमद और मुफ्ती अल्ताफ के रूप में हुई

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में रातभर सुरक्षा बलों और आंतकवादियों के बीच चली मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी नागरिक सहित जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि दक्षिण कश्मीर में बुधवार को शुरू हुई दो मठभेड़ों में मारे गए आतंकवादियों की संख्या अब छह हो गई है। कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में भी तीन आतंकवादी मारे गए थे।

अनंतनाग जिले के नौगाम शाहाबाद में आतंकवादियों की मौजूदी की जानकारी मिलने के बाद बुधवार रात सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चला दीं।

सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे यह अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि ये जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी थे और मारा गया एक आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक था। कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘दो अलग-अलग मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें से अब तक चार की पहचान हो पाई है, जिनमें से दो के पाकिस्तानी और दो अन्य के स्थानीय नागरिक होने की जानकारी मिली है।

दो अन्य आतंकवादियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। यह एक बड़ी उपलब्धि है।’’ पुलिस ने बताया कि कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में भी एक पाकिस्तानी नागरिक सहित तीन आतंकवादी मारे गए थे। अन्य दो आंतकवादी स्थानीय नागरिक थे।

Written & Source By : P.T.I

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter