कॉलेज संचालक कौशल यादव ने कहा मुझे झूठे केस में फंसाया गया, सीसीटीवी फुटेज देखकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग

Datia News : दतिया । राधाकृष्ण कॉलेज के संचालक कौशल यादव शुक्रवार शाम जमानत पर रिहा हो गए। उन पर छात्र राजीव शुक्ला ने मारपीट करने का मामला चिरुला थाने में दर्ज कराया था।

इस मामले में कॉलेज संचालक यादव का कहना है कि उन पर कथित मारपीट का झूठा केस दर्ज कराया गया है। यादव के मुताबिक पुलिस एफआईआर में घटना का जो समय दर्ज कराया गया है उस वक्त वह ग्वालियर में थे।

घटना के बारे में कॉलेज संचालक कौशल यादव ने बताया कि उन पर मारपीट करने व रुपये छीनने का जो मामला दर्ज हुआ है वह पूरी तरह झूठा है। जिस समय का यह मामला बताया गया है उस दौरान वह ग्वालियर के चेतकपुरी िस्थत संस्कार गार्डन में आयोजित संभागीय महाविद्यालय के आयोजन में मौजूद थे।

उनकी मौजूदगी के सीसीटीवी फुटेज भी हैं। जिन्हें देखकर आसानी से पता चल सकता है कि मारपीट के मामले की सच्चाई क्या है। कौशल यादव के मुताबिक इन सभी तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाना चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

बता दें कि गत 2 अक्टूबर को चिरुला के पास हाइवे रोड पर मारपीट करने व रुपये छीनने की रिपोर्ट राजीव शुक्ला नाम के युवक ने थाने में दर्ज कराई थी।

इस मामले में थाना प्रभारी शशांक शुक्ला ने बताया कि चिरुला पुलिस द्वारा कॉलेज संचालक यादव के विरुद्ध अपराध क्रमांक 94/21 धारा 327, 323, 294, 506 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

चिरूला पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश किया था। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार शाम कॉलेज संचालक कौशल यादव को जमानत मिल गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!