Datia News : दतिया । कोतवाली पुलिस ने प्रोपर्टी खरीदी के मामले में 80 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर 80 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज था। आरोपित सत्येंद्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह ठाकुर निवासी ग्राम खजूरी को ठंडी सड़क से कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपित काफी समय से फरार चल रहा था।
कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 26 मई 21 को आवेदक अजय सेन पुत्र गौरीशंकर सेन निवासी छोटा बाजार दतिया द्वारा थाना धीरपुरा पुलिस को शिकायत की गई थी कि आरोपित सत्येंद्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह ठाकुर ने प्रोपर्टी खरीदने तथा उसमें पैसे दोगुने करने की कहकर उससे 49.30 लाख रुपये और इसी प्रकार आवेदक राकेश कमरिया से 30.26 रुपये उसके बैंक अकाउंट व नकदी के माध्यम से प्राप्त कर लिए थे। बाद में पैसे वापस ना कर आरोपित अपने घर से फरार हो गया।
आरोपित के घर कई बार चक्कर काटने के बाद ठगी का शिकार बने अजय और राकेश ने पुलिस की मदद ली। इस मामले में धीरपुरा थाने में आरोपित की धोखाधड़ी को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की। लेकिन वह उसके हाथ नहीं लग सका।
इस मामले में थाना धीरपुरा में आरोपित के खिलाफ गत 4 जून को अपराध क्रमांक 54/ 21 धारा 420, 406 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित की दतिया पुलिस द्वारा तलाश की जा रही थी।
शुक्रवार को जैसे ही पुलिस को आरोपित के बारे में जानकारी मिली कोतवाली पुलिस दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली रविन्द्र शर्मा, आरक्षक रविंद्र यादव, जसवंत यादव, दिलीप प्रधान, राघवेंद्र गुर्जर की भूमिका रही।


