भारत के लिए लड़ाई 2024 में लड़ी जाएगी – चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर

कोलकाता : चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के एक दिन बाद शुक्रवार को कहा कि इन नतीजों का अगले लोकसभा चुनावों पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि ‘‘2024 में किसी राज्य के चुनाव के लिए नहीं, बल्कि भारत के वास्ते लड़ाई लड़ी जाएगी।’’

किशोर ने यह टिप्पणी उस वक्त की है, जब चुनाव नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि 2019 के लोकसभा चुनावों के बाद कुछ राजनीतिक पंडितों ने दावा किया था कि 2017 के राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजों ने ही 2019 के लोकसभा चुनाव के नतीजे तय किये थे।

उन्होंने यह भी कहा था कि इस बार भी उन्हें यह कहने का साहस दिखाना चाहिए कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।

किशोर ने ट्वीट किया, ‘‘2024 में भारत के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी और उसका फैसला किया जाएगा न कि किसी राज्य चुनाव के लिए। साहेब (मोदी) यह जानते हैं। इसलिए यह विपक्ष पर निर्णायक मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने के लिए राज्य चुनावों के आसपास उन्माद पैदा करने का एक चतुर प्रयास है। इस झूठ के जाल में न फंसे।’’

भाजपा ने फरवरी-मार्च में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में चार राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में शानदार जीत हासिल की है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने जबरदस्त जीत दर्ज की है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter