दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम चरण में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति और विकास के मुद्दों को सामने रखते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के मीडिया सेंटर में पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि यह उपचुनाव केवल राजनीतिक जीत-हार का नहीं, बल्कि दतिया के विकास की दिशा तय करने वाला चुनाव है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें दतिया की जनता का अभूतपूर्व स्नेह और सहयोग मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 30 जुलाई को मतदान के दिन भी जनता भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत विकसित, समृद्ध, सुरक्षित और गौरवशाली दतिया के निर्माण को नई शक्ति देगा।
डिफेंस पार्क को बताया रोजगार की बड़ी संभावना : हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने दतिया के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। मेडिकल कॉलेज, आधुनिक एयरपोर्ट, वेटरनरी कॉलेज, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा संस्थानों, सड़कों और सिंचाई परियोजनाओं सहित कई क्षेत्रों में काम हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दतिया में हजारों करोड़ रुपए की लागत से डिफेंस पार्क की स्थापना प्रस्तावित है। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद डिफेंस पार्क से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। उनके अनुसार, यह परियोजना दतिया के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
‘ढाई साल विकास अवरुद्ध रहा’ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में दतिया का विकास प्रभावित हुआ और जनता को उनके अधिकारों एवं विकास कार्यों से वंचित रखा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चुनाव अभियान झूठे आरोपों, भ्रम और नकारात्मक राजनीति पर आधारित रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव परिणामों से पहले ही हार का ठीकरा ईवीएम और अन्य संस्थाओं पर फोड़ने की तैयारी करने का आरोप लगाया। खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की राजनीति समाज को जोड़ने और विकास पर केंद्रित है, जबकि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम करती है।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को करीब 30 वर्षों से संगठन में काम करने वाला जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वे पार्टी के लिए लंबे समय से समर्पित होकर काम करते रहे हैं। अब उन्हें प्रत्याशी के रूप में जनता की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने मतदाताओं से कमल के फूल के निशान पर मतदान कर आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने की अपील की।
नरोत्तम मिश्रा बोले- दतिया का भला भाजपा ही कर सकती है : वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ और भ्रम की राजनीति करती रही है। दतिया का विकास और जनता का भला भारतीय जनता पार्टी और उसके प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ही कर सकते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस में राजा के पास राज्य नहीं है और पटवारी के पास हल्का नहीं है।” मिश्रा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आशुतोष तिवारी को दतिया की जनता की सेवा के लिए चुनाव मैदान में उतारा है।
डॉ. मिश्रा ने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने दतिया में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य किए हैं। उन्होंने मतदाताओं से दतिया के बेहतर भविष्य और विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को समर्थन देने की अपील की।
पत्रकार-वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने 30 जुलाई को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की।

