रेल्वे ट्रेक पर ट्रेन से कटे मिले युवक-युवती के शव, रात को घर से हो गए थे लापता, पुलिस जांच में जुटी

Datia News : दतिया। बसई थाना क्षेत्र के मकडारी से गुजरे रेल्वे ट्रेक पर युवक-युवती के क्षत विक्षत शव पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में बरामद किए। घटना की सूचना रेल्वे प्वाइंटमेन राजेश सरोज ने पुलिस को दी। जिसके बाद सोमवार सुबह करीब 8 बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर उन्हें पीएम के लिए भिजवाया।

शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू किए। जिसके कुछ देर बार पता चल सका कि दोनों युवक व युवती ग्राम नयाखेड़ा के लोधी परिवार से हैं।

जिनकी शिनाख्त उनके स्वजन ने आकर की। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं यह मामला प्रेमप्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बसई रेल्वे स्टेशन से 500 मीटर दूरी पर मकडारी खंबा क्रमांक 1089/01 अप ट्रेक पर युवक व युवती का शव ट्रेन से कटी अवस्था में क्षतविक्षत बरामद हुआ।

दोनों युवक व युवती बसई थाने के अन्तर्गत आने वाले ग्राम नयाखेड़ा के बताए गए। पुलिस के मुताबिक मृतक गजेंद्र पुत्र गोपाल लोधी 22 निवासी नयाखेड़ा व मृतका कुमारी नेहा पुत्री भागीरथ लोधी 19 निवासी लोहगढ़ नयाखेड़ा रविवार रात अपने-अपने घरों में खाना खाकर सो गए थे।

लेकिन रात में ही दोनों लापता हो गए। जिनके शव सुबह रेल्वे ट्रेक से बरामद हुए हैं। दोनों युवक व युवती के लापता होने की जानकारी उनके स्वजन द्वारा दी गई थी। जो उनकी तलाश में परेशान थे। इसी दौरान रेल्वे ट्रेक पर शव मिलने की सूचना पर वह लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों शवों की शिनाख्त की।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक युवक व युवती के स्वजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जिसके बाद ही घटना के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!