रपटा के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इधर ट्रेन से कटकर युवती ने दी जान, पुलिस शिनाख्त में जुटी

Datia news : दतिया। भांडरे थाना क्षेत्र के लहार रोड िस्थत इंटकवेल के समीप रपटा के पास मंगलवार रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में बरामद किया है। मृतक के पास ही जहरीले पदार्थ का पैकेट पड़ा मिला। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है।

घटना की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस को मंगलवार रात्रि 10 बजे मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा पीएम के बाद रपटा के पास ही मृतक को दफनाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रेन से कटकर युवती की मौत : अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव सिविल लाइन थाना पुलिस ने रेल्वे लाइन से बरामद किया है। रेलवे ट्रैक खंबा नंबर 1150/1113 के पास एक अज्ञात युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस काे मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती का शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया।

पुलिस द्वारा आसपास पूछतांछ के बाद भी युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव की शिनाख्ती के प्रयास शुरू कर दिए हैं। युवती की मौत के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर : भांडेर थाना क्षेत्र में एक कार ने 2 महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए भांडेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार भांडेर निवासी महिला जयश्री और किरण वंशकार अपने घर से बाजार जा रही थी।

तभी रास्ते में बैंक के पास तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 04 जीबी 1963 के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते महिलाओं में टक्कर मार दी।

घायल महिलाओं को स्थानीय लोगों की मदद से भांडेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चार लोगों पर दर्ज हुआ गैरइरादतन हत्या का मामला : इंदरगढ़ पुलिस ने ग्राम भलका निवासी देवेंद्र जाट की मौत के मामले में जांच उपरांत करीब एक वर्ष बाद चार लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। एक वर्ष पूर्व पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच उपरांत पुलिस द्वारा मामले में धारा 306 का इजाफा किया गया है।

बता दें कि ग्राम भलका निवासी देवेंद्र जाट पुत्र किशन सिंह जाट की गत 6 अप्रैल 2021 को आरोपित निकुंज तिवारी, गिर्राज तिवारी, विजय तिवारी, कृष्णकांत तिवारी ने मारपीट कर दी थी। इस घटना में घायल देवेंद्र की 7 अप्रैल को ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

मृतक के मृत्यु पूर्व कथन पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया था। जांच उपरांत सभी आरोपितों के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter