सिंध में बह गए कर्मचारी का शव 54 घंटे बाद हुआ बरामद : घटना स्थल से 20 किमी दूरी पर गोताखोराें ने नदी से बाहर निकाला

Datia news : दतिया । सिंध नदी के छोटे पुल पर बह गए पशु औषधालय के कर्मचारी का शव बुधवार को घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूरी पर उतराता हुआ बरामद कर लिया गया। गत 10 अक्टूबर की सुबह 8.30 पर सेवढ़ा में िसंध नदी के छोटे पुल से गुजर कर ड्यूटी पर जा रहे पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी मुलूबघेल को पीछे से आ रहे आइशर ट्रक ने टक्कर मार दी थी। जिससे वह नदी में गिरकर पानी के तेज बहाव में बह गए।

इस घटना के 54 घंटे बाद मुलु का शव घटना स्थल से 20 किलोमीटर दूर भीकमपुरा घाट पर मिला। लगातार तीसरे दिन स्टीमर से शव की तलाश कर रहे मृतक के स्वजन के साथ आपदा प्रबंधन तथा एसडीआरएफ की टीम को भीकमपुरा घाट से गुजर रहे एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति का शव तैर रहा है।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचे स्वजन ने गोताखोर की सहायता से शव निकाला एवं उसकी शिनाख्त की। लंबे समय तक नदी में डूबे रहने के कारण 61 वर्षीय वृद्ध का शव काफी क्षत विक्षत हो गया था।

स्वजन ने इसकी सूचना डिरोलीपार थाना प्रभारी वैभव गुप्ता को दी। जिसके बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई की। मृतक मुलु बघेल के पुत्र भूपेंद्र ने बताया कि भीकमपुरा घाट पर उन्होंने अपने पिता के शव की शिनाख्त की।

जिसके बाद देर शाम सेवढ़ा में पीएम हुआ। इधर शव मिलने के बाद वार्ड 2 में स्थित मृतक के घर के आसपास शोक की लहर दौड़ गई। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया।

स्वजन के साथ वार्डवासी भी यह कहते सुने गए कि अगर प्रशासन नियमानुसार पुल के दोनों ओर सुरक्षा के तौर पर फेंसिंग कर देता और बड़े वाहनों को पुल से गुजरने से रोकता तो आज एक जान बच जाती।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter