चौकीदार का पुलिया के पास पड़ा मिला शव, घटना से नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम, मौके पर पहुंची पुलिस

Datia News : दतिया । भांडेर थाना क्षेत्र के तिगराकला हाइवे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले चौकीदार के शव को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा मचा दिया और बीच रोड पर जाम लगा दिया। मृतक तिगराकला में निर्माणाधीन पुलिया पर चौकीदारी करता था। जिसकी 26-27 जनवरी की दरम्यानी रात संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई।

जब सुबह दूधियों ने उसका शव पड़ा देखा तो घटना की सूचना मृतक के स्वजन और गांव वालों को दी। जिसके बाद मौके पर ग्रामीण जमा हो गए और पुलिया निर्माण करा रही कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार से मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।

नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर बाद रोड पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी रविंद्र गुर्जर और तहसीलदार सूर्यकांत ित्रपाठी पहुंचे और उन्होंने मृतक के स्वजन व ग्रामीणों को मामले की जांच के साथ मदद का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण मानें और जाम खोला गया।

जानकारी के अनुसार भांडेर-लहार मार्ग पर तहसील मुख्यालय से 5 किमी उत्तर में स्थित नाले पर निर्माणाधीन पुलिया के पास 26-27 जनवरी दरम्यानी रात चौकीदारी कर रहे युवक संजीव वंशकार पुत्र रामसहाय निवासी तिगराकला की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हाे गई।

इसकी जानकारी सुबह लगभग 9 बजे के आसपास तब लगी जब वहां से गुजरने वाले दूधियों ने देखा। पुलिस ने बताया कि मृतक के मुंह से खून आ रहा था तथा शरीर पर कहीं भी किसी प्रकार की चोट आदि के निशान भी नहीं थे।

जानकारी मिलने के बाद मृतक के स्वजन और ग्रामीणों ने मौत को संदेहास्पद मानते हुए कारणों की जांच और ठेकेदार से मुआवजा दिलाने को लेकर जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया।

जाम लगने के कुछ देर बाद पुलिया निर्माण एजेंसी एसकेएस कंस्ट्रक्शन कंपनी के नुमाइंदे, थाना प्रभारी भांडेर, तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और जाम लगाने वालों को भरोसा दिलाया कि न केवल मौत के असली कारणों की तह तक पहुंचा जाएगा, साथ ही शासन स्तर तथा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा मृतक के आश्रितों के लिए आर्थिक मदद भी मुहैया कराई जाएगी।

इसके बाद जाम खुल सका। दोपहर में भांडेर में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव मृतक के स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के स्वजन भरोसी वंशकार की रिपोर्ट पर इस मामले में मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!