हत्या के बाद पुलिया के नीचे फैंका युवक का शव : सरपंच को चरवाहों ने दी सूचना, खून के निशान मिलने से पुलिस का बढ़ा शक

Datia news : दतिया। पुलिया के नीचे खून से लथपथ एक युवक का शव मिला है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फैंका गया है। पुलिया के ऊपर की ओर भी खून के निशान मिलने के कारण यह शंका पैदा हुई है। पुलिस अज्ञात शव की फिलहाल शिनाख्त कराने में जुटी है।

थाना डिरोलीपार के अंतर्गत जरा-नारदारेश्वर लहार रोड पर पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई गई है।

जरा सरपंच को चरवाहों ने जब इस शव के मिलने की सूचना दी तो उन्होंने पुलिस को बताया। इसके बाद पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्ति के शव के फोटो सार्वजनिक किए।

जानकारी के मुताबिक मृतक का शव पुलिया के नीचे मिला है। लेकिन उसके खून के निशान पुलिया के ऊपर से नीचे तक पड़े मिले हैं। ऐसे में समझा जा रहा है कि किसी ने हत्या कर शव को नीचे फैंक दिया।

शनिवार शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के हाथ पर अंग्रेजी में संचाइता लिखा है। वह लाल शर्ट पहने हुए हैं तथा गर्दन में गमछा भी डाले हैं। हाथ में सफेद चुड़ा पहने है।

थाना प्रभारी अमर सिंह गुर्जर के अनुसार पुलिस को जैसे ही सूचना मिली उनके द्वारा सेवढ़ा के साथ लहार थाना क्षेत्र में इसके फोटो और जानकारी भेज दी गई।

मृतक युवा है और उसके आसपास खून के काफी निशान है। इसलिए यह आशंका है कि किसी ने उसकी हत्या की है।

वहीं ऐसा भी हो सकता है कि शव को कहीं से लाकर यहां फैंक दिया गया हो। पुलिया के ऊपर खून के निशान मिलने से यह तय है कि उसकी हत्या नीचे गिरने से पहले हो चुकी थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter