जिस रास्ते से गुजरेगा सीएम का काफिला वहीं हुई गोलीबारी : फ्लेक्स लगाने के विवाद में भिड़े दो पक्ष, बीच सड़क पर हुई हाथापाई

Datia news : दतिया। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के आगमन से ठीक एक दिन पहले भांडेर में फ्लेक्स लगाने को लेकर हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। सोमवार दोपहर लहार रोड स्थित करबला मस्जिद के पास भाजपा कार्यकर्ता पर कुछ लोगों ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से दो राउंड फायर कर दिए।

गनीमत रही कि दोनों गोलियां युवक के सिर के ऊपर और बगल से निकल गईं, जिससे वह बाल-बाल बच गया। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी पूरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। जिसमें दोनों पक्ष के लोग हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।

बता दें कि जिस जगह गोलीबारी की घटना घटित हुई, वहां से ही मंगलवार को सीएम यादव का काफिला गुजरेगा। जो मंडी प्रांगण पहुंचेगा। यह घटनास्थल भी मंडी प्रांगण से मात्र 500 मीटर की दूरी पर बताया जाता है। इसी क्षेत्र में भांडेर थाना भी है। ऐसे में यह घटना हो जाने से पुलिस भी सकते में आ गई है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों के चलते भांडेर में बड़े पैमाने पर बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रिंस उर्फ लालू यादव और दूसरे पक्ष के अजय यादव के बीच फ्लेक्स लगाने को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि डिवाइडर पर लगे फ्लेक्स को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

प्रिंस यादव के अनुसार, उसे फोन कर मौके पर बुलाया गया था। जहां पहुंचने पर उसने अपने कुछ फ्लेक्स फटे और नीचे पड़े देखे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और अजय यादव ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उस पर दो राउंड फायर कर दिए। घटना के समय आसपास अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्ष के लोगों में हाथापाई भी हो गई।

भाजपा के आईटी सेल से जुड़ा है प्रिंस : बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव भाजपा आईटी सेल दतिया में जिला सह प्रभारी है, जबकि अजय यादव को कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि भांडेर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह यादव ने कहाकि अजय काफी समय से पार्टी गतिविधियों में सक्रिय नहीं है।

चर्चा यह भी है कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़े अजय यादव ने खुद को सीएम का नजदीकी बताने के चक्कर में यह फ्लेक्स लगवाए थे। अजय भी यादव समाज से आते हैं। इसलिए लहार रोड पर काफी संख्या में उन्होंने एक दिन पहले ही फ्लेक्स लगा दिए थे।

पीड़ित बोला अब तक नहीं हुई रिपोर्ट : घटना के बाद घबराए प्रिंस यादव ने भांडेर थाने पहुंचकर आरोपित अजय यादव और उसके भाई अभय उर्फ मोंटी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे

जाने तक पुलिस द्वारा न तो आवेदन लिया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई। इस मामले में एसडीओपी भांडेर पीसी यादव का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter