कलेक्टर ने खेली फुटबाल तो सीईओ मंच पर जमकर थिरके : आनंद उत्सव में शहरवासियों ने की मौज मस्ती, खेल डांस और आर्केस्ट्रा की रही धूम

Datia news : दतिया । आनंद उत्सव में शहरवासियों के साथ खेलकूद और रंगारंग कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी खूब मौज मस्ती की। मौका था आनंद उत्सव के तहत रविवार 22 जनवरी को दतिया में हंगामा 2023 कार्यक्रम का। इस दौरान कलेक्टर संजय कुमार ने बच्चों और आमजन के साथ फुटबाल और रस्साकशी जैसे खेल खेले, वहीं अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव,

एसडीएम ऋषि कुमार सिंघई, जनपद सीईओ गिरिराज दुबे और महिला बाल विकास अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने भी आनंद उत्सव के दौरान बच्चों और बड़ों के साथ देशभक्ति गीत गाए और जमकर डांस भी किया। टाउनहाल से लेकर किला चाैक तक आनंद का ऐसा माहौल दिखा कि हर किसी के चेहरे पर एक उत्साह उमंग एवं खुशी देखने को मिल रही थी।

भवानी पार्क के सामने जुम्बा कार्यक्रम में पार्षदगण, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने भागीदारी बढ़चढ़कर भाग लिया। टाउनहाल पर महिलाओं ने चेयर रेस खेली। वहीं किला चौक पर कबड्डी, रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिता में शहरवासियों के साथ अधिकारियों ने भी हाथ आजमाए। लेमन स्पून रेस में भी सीईओ जिला पंचायत कमलेश भार्गव सबसे आगे रहे। वे काफी दूरी तक चम्मच में नींबू को रखकर चले। जिसे देखकर लोगों ने खूब तालियां बजाई।

जमकर नाचे अधिकारी, सीईओ ने गाए देशभक्ति के नगमे : आनंद उत्सव में खेल प्रतियोगिताओं के बाद टाउनहाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति स्कूली बच्चों ने दी। इस दौरान एक से बढ़कर एक देशभक्ति के गीतों पर कलेक्टर संजय कुमार, अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय, समाजसेवी डा.राजूत्यागी सहित अन्य अधिकारीगण ताली बजाकर आनंद लेते नजर आए।

वहीं सीईओ जिला पंचायत कमलेश भार्गव इस दौरान उमंग से भरे दिखे। उन्होंने मंच पर पहुंचकर ढोल और ड्रम बजाकर बच्चों का साथ दिया। वहीं कई गीतों पर सभी के साथ जमकर थिरके। इस दौरान एसडीएम ऋषि सिंघई, महिला बाल विकास अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने भी उनके साथ डांस कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

आनंद उत्सव में घायल हुई महिला :  रविवार को आनंद उत्सव के रंग में कुछ देर के लिए उस समय भंग पड़ गया जब टाउनहाल पर चेयर रेस के दौरान एक महिला का पैर चोटिल हो गया। जिसके कारण मौके पर एंबुलेंस बुलानी पड़ी। जिसमें वहां मौजूद लोगों की मदद से महिला को शिफ्ट कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार आनंद उत्सव के दौरान छोटा बाजार निवासी महिला सुषमा श्रीवास्तव पत्नी अरविंद श्रीवास्तव भी पूरे उत्साह से भाग ले रही थी। इसी बीच उनका पैर वहां बिछी मेटी में जा फंसा और वह चोटिल हो गई। इस हादसे में महिला के पैर में फैक्चर हो जाने से वह उठने की स्थिति में भी नहीं रही। जिसके कारण मौके पर 108 एंबुलेंस को बुलाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter