कलेक्टर ने बजाया घंटा तो अधिकारियों ने भी मंजीरे के साथ गाए भजन : संकीर्तन यात्रा में पूरा शहर भक्ति में सराबोर दिखा

Datia news : दतिया। दतिया गौरव दिवस के आयोजन की श्रृंखला में हनुमान जन्मोत्सव पर जब शहर में संकीर्तन यात्रा निकली तो सारा माहौल भक्तिमय हो गया। संकीर्तन यात्रा में इस्कान मंदिर की मंडली भगवान का सन्नाम कीर्तन करती चल रही थी। वहीं कलेक्टर संजय कुमार हाथ में घंटा लेकर बजाते इस यात्रा के साथ चले। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी माथे पर चंदन लगाए झालर और मंजीरा बजाते हुए निकले।

संकीर्तन यात्रा की शुरुआत नगर के विजय राघव मंदिर से हुई। यात्रा अवध बिहारी मंदिर होते हुए शहर के मुख्य मार्गाें से निकली। जिसके बाद पीतांबरा पीठ पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा में अश्व पर सवार महिलाएं हाथों में तलवार लिए चल रही थी। वहीं यात्रा के साथ भजन मंडली भी प्रस्तुति देती चली। बैंड और डीजे की धुन पर यात्रा में शामिल लोग भजनों पर नाचते गाते निकले। शाम को शहर की सड़कों पर रंग बिरंगी लाइटिंग के बीच यह यात्रा आकर्षण के साथ सारे माहौल को भक्ति से सराबोर कर रही थी।

Banner Ad

कलेक्टर ने बजाया घंटा तो अधिकारियों ने मंजीरे : संकीर्तन यात्रा के दौरान कलेक्टर संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी कर्मचारी भी भक्ति में डूबे नजर आए। इसी भक्तिभाव में कलेक्टर संजय कुमार जहां अपने हाथ में घंटा लेकर बजाते चल रहे थे, वहीं अन्य अधिकारी मंजीरे और झालर बजाकर संकीर्तन करते चले।

यात्रा के दौरान प्रसिद्ध इस्कान मंदिर से आई मंडली श्रीराम संकीर्तन अपने वाद्य यंत्र मृदंग पर करती निकली। जिसे देखकर लोग भी मंत्रमुग्ध हो गए।

पीतांबरा पीठ पर हुए प्रवचन : यात्रा शहर भ्रमण करती हुई पीतांबरा पीठ पहुंची। जहां गीता प्रवचनों का आयोजन हुआ। यात्रा में मौजूद श्रद्धालुओं ने इसका पुण्य लाभ लिया। यात्रा के साथ चल रहे ध्वज पताका और भगवान की झांकी ने एक विशेष आकर्षण बढ़ाया।

संकीर्तन यात्रा में नाचते गाते लोग भक्तिभाव में डूबे दिखे। पीतांबरा पीठ पर यात्रा का समापन हुआ। दतिया गौरव दिवस की श्रृंखला में ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन 24 अप्रैल तक चलेंगे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter