जनसुनवाई व शहर भ्रमण के दौरान कलेक्टर दिखे एक्शन मोड में
दतिया । मंगलवार को कलेक्टर संजय कुमार जनसुनवाई एवं शहर के अतिक्रमण हटाने को लेकर एक्शन मोड में नजर आए। कलेक्टर ने जहां जनसुनवाई में पंचायत सचिवों को कड़ी फटकार लगाई वहीं उन्होंने एसपी अमन सिंह राठौड व नपा सीएमओ अनिल दुबे के साथ शहर की सेवढ़ा चुंगी एवं भांडेर रोड का मुअायना कर वहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए बैठे लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई के दौरान गांव लोधीपुरा का एक पारिवारिक विवाद के मामले में शिकायत लेकर आई नर्मदा लोधी ने जब कलेक्टर को बताया कि उनका देवर ग्राम पंचायत सचिव है। हमेशा वह नौकरी की धौंस देता रहता है और उसने मेरे साथ कई बार मारपीट की है। इस पर कलेक्टर संजय कुमार भी आपे में नहीं रहे और उन्होंने तुरंत फोन पर ही लोधीपुरा पंचायत के सचिव संतोष राजपूत से कहा कि तेरी नौकरी-चाकरी सब कुछ जमीन में गाड़ दूंगा । आइंदा भविष्य में परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। नर्मदा लोधी ने इस दौरान कलेक्टर को उसके चेहरे पर लगे चोट के निशान भी दिखाएं।
इसी तरह एक अन्य मामले में ग्राम बिलौनी के अहिरवार परिवार की महिला रमा अहिरवार पत्नी स्व. कल्लू अहिरवार ने बताया कि उसे विधवा पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर भी कलेक्टर ने सीधे ग्राम पंचायत सचिव बिलौनी से फोन पर बात की और कहाकि जनपद में जाकर अभी पता करो कि इस विधवा महिला को पेंशन की पात्रता होने के बावजूद पेंशन क्यों नहीं मिल पा रही है। इस तरह कलेक्टर ने कई समस्याओं का त्वरित निराकरण मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान किया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर संजय कुमार ने लगभग सवा सौ से अधिक प्रकरणों की सुनवाई की और इनमें से कई प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया । इसके अलावा कई प्रकरण ऐसे आए थे, जिनमें पुलिस द्वारा हल किए जाने थे या पुलिस का हस्तक्षेप आवश्यक था। ऐसी स्थिति में कलेक्टर ने इन सभी प्रक्ररणों को टीप के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिजवा दिया। इसी तरह अन्य किसी विभाग से संबंधित प्ररकणों को कलेक्टर ने संबंधित विभाग को भी तुरंत निराकरण निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारी को भेज दिया। कई गांव के लोग तो ऐसे भी थे, जिन्हें संबंधित अधिकारी का पता नहीं मालूम था, उसे लेकर भी कलेक्टर ने स्थानीय और अन्य कर्मचारियों को उनके साथ ्अधिकारियों के पास भेजकर समस्याओं का निराकरण करवाया।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने एंटी माफिया अभियान के तहत शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों का आज शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर देखा और उन्हें हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। भांडेर रोड एवं सेवढ़ा चुंगी सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर माफियाओं द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कार्याे को तत्काल प्रभाव से हटाने के उन्होंने निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम अशोक सिंह चैहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिल दुबे, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

