Datia news : दतिया। शहर की सड़को की दशा सुधारने के लिए 14 करोड़ 37 लाख 14 हजार की राशि खर्च होगी। इसे लेकर जल्दी ही प्रक्रिया पूरी होने वाली है। सेवढ़ा चुंगी से झांसी रोड तक सड़क का निर्माण होना है। यह सड़क 6 माह में बनकर तैयार होगी।
यह जानकारी पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने दशहरा महोत्सव समिति की बैठक के दौरान उपस्थित लोगों के बीच साझा की।
उन्होंने कहाकि दतिया के विकास को रुकने नहीं देंगे। जहां तक संभव होगा प्रदेश और केंद्र सरकार से ज्यादा से ज्यादा फंड लाकर दतिया की विकास की गति को तेज किया जाएगा।
वहीं पूर्व गृहमंत्री ने एक वर्ष बाद फिर से दतिया में भव्य दशहरा महोत्सव की जानकारी भी दी गई। जिसमें दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर स्टेडियम दतिया में 61 फुट का रावण और मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन आतिशबाजी के बीच होगा।
उन्होंने बताया कि दशहरा महोत्सव की परंपरा को जो एक वर्ष का विराम लग गया था, उसे फिर से शुरु किया जा रहा है। इस दौरान रामलीला भी होगी। साथ ही दशहरा चल समारोह भी निकाला जाएगा।
समिति की बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, एसआरआई चेयरमेन रमेश अग्रवाल, प्रशांत ढेंगुला, गोविंद ज्ञानानी, योगेश सक्सेना, सुमित रावत, राजेश मोर, समाजसेवी व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दतिया डा.राजू त्यागी, पुनीत तिलवानी, अक्कू दुबे, रिंकू दुबे आदि भी मौजूद रहे।
वर्ष 2023 के बाद दशहरा पर फिर होगी धूमधाम : वर्ष 2023 के बाद से दतिया के दशहरा महोत्सव का आयोजन सिर्फ औपचारिक बनकर रह गया था। वर्ष 2024 में दतिया के दशहरा महोत्सव की रौनक फीकी रही थी। जिसे लेकर तमाम आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चला।
लेकिन अब फिर से इस परंपरा की शुरुआत हो रही है। दतिया का दशहरा महोत्सव, पर्व की गरिमा अनुरुप इस बार फिर धूमधाम और रौनक बिखेरेगा, ऐसी उम्मीद समिति सदस्यों ने जताई है।