मार्च में दिखे मई जैसे हालात, पारे ने तोड़ा रिकार्ड, 41 डिग्री तक पहुंचा, लू के थपेडों ने लोगों को किया परेशान

दतिया । होली के बाद तापमान में लगातार वृद्धि ने लोगों को गर्मी से परेशान कर दिया है। पिछले तीन दिनों में गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पारा अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि रात के पारे में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार रात का पारा 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि विगत सोमवार व रविवार को भी पारा बढ़ा था। इससे पूर्व तापमान कम ही था। इस तरह रात और दिन दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से मार्च के अंत में मई जैसे हालात बनने लगे हैं।

लगातार बढ़ते तापमान के बाद खेतों में रखी फसल में आगजनी की घटनाएं भी बढ़ने लगी है। इसके अलावा मंगलवार को 7 किलोमीटर प्रति घंटा हवा की रफ्तार के कारण गर्म लू के थपेड़ों ने भी लोगों को परेशान किया है। इसके कारण लोगों को खेतों में काम करने और कहीं आवाजाही में भारी परेशानी आ रही है। बताया जाता है कि अब तापमान में लगातार वृद्धि होगी। उत्तरी पठारी क्षेत्र में तेज गर्म हवा चलने की संभावनाएं मौसम विभाग ने जताई है।

इधर कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसल की कटाई जल्दी करना शुरू कर दें। अब मौसम में लगातार बदलाव की संभावना है। तेज गर्मी के साथ तापमान में उतार चढ़ाव भी रहेगा। ऐसी स्थिति में फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं दोपहर में गर्म लू ने सड़कों पर निकलना मुश्किल कर दिया है। तापमान में बढ़ोतरी ने घरों में कूलर व एसी चालू करवा दिए हैं।

Banner Ad

लू के थपेड़ो ने दिन भर रखा परेशान

मंगलवार को भाईदोज का त्यौहार भी था। इस दौरान शहर के लोग अपनी बहनों से टीका कराने बाहर निकले तो गर्मी की तपन ने उन्हें पसीना-पसीना कर दिया। दोपहर होते ही गर्म लू के थपेडे चलने लगे। जिसके बाद गर्मी सहन करना मुश्किल भरा हो गया। बस स्टैंड और हाइवे पर सवारी वाहनों का इंतजार करते लोग पसीना पोंछते नजर आए। आने वाले दिनों में भी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मार्च अंत में मौसम का यह हाल लोगों हलाकान कर रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter