पूर्व रेसलर द ग्रेट खली बीजेपी में हुए शामिल, कहा- मोदी के रूप में देश को सही प्रधानमंत्री मिला

नई दिल्ली : विश्व कुश्ती मनोरंजन में अपने प्रदर्शन से लोगों का दिल जीतने वाले और ‘‘द ग्रेट खली’’ के नाम से मशहूर दलीप सिंह राणा ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।पंजाब पुलिस के अधिकारी रह चुके खली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भाजपा महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का दामन थामा। खली ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का समर्थन किया था। बाद में सरकार ने तीनों कानूनों को रद्द कर दिया था।

जितेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि खली राष्ट्रवादी सोच के व्यक्ति हैं और वह कहीं भी रहें, उनका दिल भारत के लिए धड़कता है। खली ने कहा कि मोदी के रूप में भारत को एक अच्छा प्रधानमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि देश के विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए वह भाजपा में शामिल हुए हैं।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter