नहर में बहकर आए युवक का शव अंगूरी बैराज से मिला : इधर प्रेमिका के साथ मिलकर कर दी युवक की हत्या

Datia News : दतिया। रक्शा नहर में नहाने के दौरान बह गए युवक का शव चिरुला थाना क्षेत्र में अंगूरी बैराज डेम में उतरता पुलिस ने बरामद किया। बैराज में शव होने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जानकारी करने पर पुलिस को पता चला कि उक्त शव उप्र के झांसी निवासी शंकर नामक युवक का निकला। जो गत 13 सितम्बर की दोपहर रक्शा से निकली नहर में शराब के नशे में नहा रहा था। इसी दौरान पानी के बहाव में बह गया। पांच दिनों से लगातार खोज के बाद भी एनडीआरएफ टीम शंकर का पता नहीं लगा सकी। रविवार को अंगूरी बैराज डैम में युवक का उतरता शव मिला।

मोर उड़कर सामने आने से बाइक सवार फिसला : पंडोखर थाना अंतर्गत सोहन बस स्टैंड पर बाइक सवार अचानक मोर उड़कर आ जाने के कारण फिसलकर बाइक समेत गिर पड़ा। इस हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति सहित एक बालिका घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल भांडेर पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार दमोह निवासी राजकुमार अपने भतीजे सोमिश और भतीजी दीक्षा के साथ दतिया किसी रिश्तेदार के यहां आए थे। रविवार दोपहर घर लौटते वक्त रास्ते में सोहन बस स्टैंड के पास बाइक चालक राजकुमार के सामने अचानक एक मोर उड़कर आ गई। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर गिर गई। हादसे में तीनों घायल हो गए।

प्रेमिका के साथ मिलकर कर दी युवक की हत्या :  चिरुला थाना क्षेत्र के ग्राम भगौर गौशाला के पीछे जली हुई अवस्था में मिले युवक की हत्या की गुत्थी में पुलिस ने सुलझा ली है। युवक का शव 11 सितम्बर को पड़ा मिला था। युवक को आरोपितों ने पत्थर से कुचलकर उसका मुंह जला दिया था। पुलिस ने घटना के आठवें दिन कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक जयेंद्र की हत्या शिवपुरी जिले के सीहोर निवासी राजेंद्र जाटव पुत्र डब्बूराम जाटव ने अपनी प्रेमिका मालती अहिरवार के साथ मिलकर कर दी थी। आरोपितों ने पहले जयेंद्र को शराब पिलाकर उसे नशे की हालत में पहुंचा दिया। इसके बाद उसकी पत्थरों से कुचल कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए मृतक के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे जला दिया था। आरोपित शव को भागोर गोशाला के पीछे फैंककर भाग गए थे।

पुलिस ने पड़ताल के दौरान साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर संदेही राजेंद्र जाटव पुत्र डब्बू राम जाटव को कपाली आश्रम के पास दिनारा रोड से गिरफ्तार किया था। पूछतांछ में आरोपित ने बताया कि मृतक जयेंद्र उसकी प्रेमिका मालती को परेशान करता था। जिससे नाराज होकर आरोपित जयराम, मालती अहिरवार ने मनीष अहिवार, भारत अहिरवार के साथ मिलकर जयेंद्र की शराब के नशे में हत्या कर दी थी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!