पीएम के इंतजार में पड़ा रहा किसान का शव, शराब के नशे में धुत पुलिस कर्मियों ने परिजनों से की अभद्रता, एसपी ने किया लाइन अटैच

Datia News : दतिया। लांच थाना क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में करंट लगने से एक किसान की मौत हो जाने पर पीएम कराने आए पुलिस स्टाफ ने मृतक के परिजनों के साथ ही अभद्रता कर दी। पुलिस कर्मचारी शराब के नशे में था। जिसके अभद्र बर्ताव के कारण मृतक किसान का 2 घंटे तक पीएम नहीं हो सका।

ऐसे में शव पीएम के इंतजार में पड़ा रहा। जब यह मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया तब जाकर देर शाम पुलिस कर्मचारियों को लाइन अटैच कर दिया गया।

लांच थाना क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में मंगलवार रात 8 बजे खेत पर मोटर पंप चला रहे किसान दर्शन पुत्र लक्ष्मण जाटव 47 वर्ष की अचानक करंट लगने पर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने लांच पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर शव पीएम हाउस इंदरगढ़ भेजा। लेकिन पीएम कराने आए कार्यवाहक एसआई वेदसिंह, प्रधान आरक्षक हाकीम सिंह परिहार एवं एक सिपाही शराब के नशे में थे।

जिन्होंने मृतक के परिजनों से अभद्रता कर दी एवं पीएम फार्म लेकर मौके से नदारद हो गए। परिजनों ने इस बात की खबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा को दी। तब जाकर थाना प्रभारी ने शव को पीएम के लिए भेजा। इस दौरान परिजन मृतक किसान का पीएम कराने के लिए 2 घंटे तक पुलिस का इंतजार करते रहे।

एसआई व प्रधान आरक्षक लाइन अटैच

ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में मिलने वाले कार्यवाहक एसआई वेदसिंह एवं प्रधान आरक्षक हाकिम सिंह परिहार को पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड ने लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन यह कार्रवाई की। वहीं शराबी पुलिस कर्मचारियों के गैर जिम्मेदारान रवैए के कारण मृतक किसान के शव का दो घंटे तक पीएम रुका रहा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!