खेत में पानी देने गए किसान का शव नहर में पड़ा मिला,पैर फिसलने से पानी के तेज बहाव में बह गया था शोभाराम

भांडेर. थाना उनाव क्षेत्र के ग्राम पैंता निवासी किसान का शव नहर से बरामद कर लिया गया। रविवार की शाम किसान अपने खेत से करीब 1 किलोमीटर दूर स्थित नहर में पैर फिसल जाने से बह गया था। घटना स्थल से करीब 6 किलोमीटर दूरी दरियापुर रामगढ़ ततारपुर माइनर के गेट में फंसा हुआ उसका शव पुलिस ने बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया। फिलहाल मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पैंता निवासी शोभाराम पुत्र जालम केवट रविवार की सुबह अपने खेत पर पानी देने के लिए गया था, पूरे दिन उसने खेत पर पानी देने के बाद शाम को जब वह खेत से करीब 1 किलोमीटर दूर स्थित नहर से डले पाइप को बंद करने के लिए गया, तभी पैर फिसल जाने से अचानक नहर में गिर पड़ा और पानी का बहाव तेज होने से बह गया। पूरी रात जब शोभाराम घर नहीं आया तो स्वजन चिंतित हुए और अगले दिन सुबह उसकी तलाश ग्रामीणों के साथ की। किसान खेत पर नहीं था इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी स्वजनों के साथ शोभाराम की तलाश की गई। शोभाराम का घटनास्थल से करीब 6 किलोमीटर दूरी दरियापुर ततारपुर रामगढ़ माइनर के मेनगेट पर शव फंसा हुआ मिला। सूचना पर दुरसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को नहर से बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भांडेर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक के भाई रामस्वरूप केवट निवासी ग्राम पैंता की सूचना पर मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter