घर से लापता हुए युवक का शव कालेज के पास पड़ा मिला : पुलिस मामले की जांच में जुटी

Datia news : दतिया। घर से लापता हुए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस ने बरामद किया है। मृतक पिछले दो दिन से लापता था। जिसकी तलाश में स्वजन लगातार परेशान थे। काफी जगह खोजबीन के बाद भी स्वजन को उसका पता नहीं लग सका था। इसी बीच बेटनरी कालेज के पास एक युवक का शव पड़ा मिलने की सूचना मिली। जिसके बाद उन्होंने जब वहां पहुंचकर देखा तो मृतक की शिनाख्त कर ली।

पुलिस ने मृतक का पीएम कराने के बाद उसका शव स्वजन को सौंप दिया। इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार कमरारी निवासी हीरेंद्र सिंह ठाकुर का शव कालेज के पास संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने बरामद किया। मृतक रविवार सुबह से घर से लापता था। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि अधिक शराब के सेवन से युवक की जान चली गई।

आसपास के लोगों ने दी शव पड़ा होने की सूचना : इधर बताया जाता है कि जिगना थाना क्षेत्र में आने वाले बेटनरी कालेज के पास शव पड़ा होने की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस तक पहुंचाई। शव काे देखकर लोगों में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। जिसके बाद पता चला कि मृतक कमरारी गांव का निवासी है।

उनाव पुलिस ने स्थाई वारंटी किया गिरफ्तार : उनाव पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटी अन्नू यादव पुत्र मुलायम सिंह यादव निवासी ग्राम धमना थाना सरसई जिला दतिया को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि थाना उनाव का स्थाई वारंटी अन्नू यादव करारी में हाईवे पर झांसी दतिया रोड पर खड़ा है।

जिस पर पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर दबिश देकर स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस धरपकड़ में थाना प्रभारी उनाव यादवेंद्र सिंह गुर्जर, प्रआर प्रमोद यादव, गजेंद्र सिंह, मुनेश की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!