दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र ततारपुर पंचायत अंतर्गत अठखम्बा पहाड़ी क्षेत्र में संचालित गौरव स्टोन क्रेसर परिसर में पत्थर उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में गत सोमवार को दोपहर पंकज कुमार चंदेल पुत्र श्रीलाल की डूबने से मौत हो गई थी। जिसका शव घटना के लगभग 20 घंटे बाद मंगलवार को मृतक के चचेरे भाई संदीप ने निकाला। बता दें कि शव खराब न हो जाए इसके चलते पुलिस ने मृतक के स्वजनों और ग्रामीणों को गड्ढे में शव तलाशने पर रोक लगा रखी थी। पुलिस का कहना था कि गोताखोरों के माध्यम से ही शव तलाशा जाएगा। लेकिन दिन ढलने के बाद शाम सात बजे तक भांडेर पहुंचे गोताखोर अंधेरे और गड्ढे में चट्टानें होने से सोमवार को शव की तलाश नहीं कर सके।
मंगलवार सुबह 10 बजे एक बार फिर शव खोजने की प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन गोताखोरों के साथ मृतक का चचेरा भाई संदीप भी गड्ढे में उतर गया और जिस कार्य के लिए 20 घंटे इंतजार हुआ उसमें उसे 5 मिनिट भी नहीं लगे और शव मिल गया। मौके पर मौजूद सउनि हरपाल सिंह गौड़ ने शव बरामद कर उसे पीएम के लिए भांडेर पीएम हाउस पहुंचाया।
मां के साथ गया था युवक
सोमवार को मृतक पंकज चंदेल की मां शारदा अठखम्बा पहाड़ी क्षेत्र में बने खदान के गहरे गड्ढे पर कपड़े धोने गई थी। इस दौरान पंकज भी वहां आ गया। जब उसकी मां कपड़े सुखाने गई थी उसी बीच पंकज गड्ढे में डूब गया और उसकी मौत हो गई। उस समय आसपास किसी के मौजूद न होने के कारण घटना की सूचना मृतक की मां ने अन्य लोगों तक पहुंचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उस दौरान ग्रामीण और पंकज के स्वजनों को शव न निकालने की ताकीद कर दी। पुलिस का कहना था कि गोताखोर आ रहे हैं, वहीं शव को बाहर निकालेंगे। इस कारण पूरे 20 घंटे तक पंकज का शव गड्ढे में पड़ा रहा।

