झोपड़ी सहित जलकर ग्रामीण की हुई मौत, मामला संदेह के घेरे में, बड़ौनी थाने के ग्राम सहिड़ाकला में हुआ हादसा

दतिया। बडौनी थाना क्षेत्र के ग्राम सहिडाकलां में एक ग्रामीण की खेत में बनी झोपड़ी में जलकर मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर वहां से जली हुई अवस्था में ग्रामीण का शव बरामद किया है। जिस झोपड़ी में यह आगजनी हुई वह भी जलकर राख हो गई। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम सहिडाकलां में एक जली हुई झोपड़ी से मृत अवस्था में गांव के रामकिशन पुत्र सरमन जाटव 50 का शव जली हुई हालत में बरामद हुआ है। मौके पर पंचनामा बनाकर पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसे के बारे में पुलिस पूछतांछ में जो जानकारी मिली उसमें रामकिशन और अशोक शिवहरे के खेत आमने सामने हैं। जिस झोपड़ी से जला हुआ शव मिला है वह अशोक शिवहरे के खेत में बनी हुई है। पुलिस को मृतक की पत्नी ने बताया कि वह रात में अपने पति रामकिशन को खाना देने आई थी। उसके बाद सुबह उसे खबर मिली कि रामकिशन की झोपड़ी सहित जलकर मौत हो गई है। मृतक की पत्नी के मुताबिक सुबह जब उसके पति का मोबाइल बंद आ रहा था तो वह काफी चिंता में थी, क्योंकि रामकिशन कभी अपना मोबाइल बंद नहीं करता था। फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर तमाम शंकाओं के चलते हर एंगल से जांच करने में जुटी हुई है।

शराब पार्टी के दौरान हादसा होने का अंदेशा

वहीं गांव के लोग यह हादसा शराब पार्टी के दौरान होने की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम के ही अशोक शिवहरे, राकेश पाल, रामजी लाल रावत, कालू रावत, अशोक शिवहरे, रामकिशन को खाना बनाने के लिए आपने खेत पर ले गए थे। जहां से अगले दिन सुबह जली हुई झोपड़ी से रामकिशन का आग से जला हुआ शव बरामद हुआ।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter