चालक ने ही खेत मालिक पर चढ़ा दिया हार्वेस्टर इधर कुएं में मिला महिला का शव : एक दिन में तीन लोगों ने गंवाई जान

Datia news : दतिया। अलग-अलग हुए हादसों में एक ही दिन में तीन लोगों की जान चली गई। इन हादसों को लेकर पुलिस भी जांच में जुटी है। इन मामलों में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिए गए हैं।

सरसई थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर ग्राम मुरिया के खेत पर फसल कटाई करा रहे रमाकांत भार्गव के ऊपर चालक ने हार्वेस्टर चढ़ा दिया। इस संबंध में उमाकांत पुत्र आत्मराम भार्गव की रिपोर्ट पर पुलिस ने हार्वेस्टर क्रमांक यूपी25 ईएच 5275 के चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं इस मामले को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं भी हैं। कुछ लोगों को आरोप है कि हार्वेस्टर चालक ने जान बूझकर घटना को अंजाम दिया। जिसमें रमाकांत की जान चली गई।

उन्हें घटना के बाद गंभीर घायल अवस्था में झांसी मेडीकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। मामले की जांच एएसआई रमेशचंद्र उज्जैनिया को सौंपी गई है। पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है। इस संबंध में मृतक के स्वजन से भी पूछतांछ की गई है।

इधर बसई बुडपुरा रेलवे ट्रेक से पुलिस ने 80 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव बरामद किया है। इस मामले में रेलवे के ट्रेकमैन राहुल यादव की रिपोर्ट पर बसई पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वृद्ध की शिनाख्त के प्रयास शुरु कर दिए हैं। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हुआ है।

महिला का कुएं में पड़ा मिला शव : वहीं जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम उदगुवां में शैलेंद्र उदैनिया के खेत में बने कुएं से विवाहिता सरोज पत्नी मानसिंह पाल का शव उतराता मिला है।

घटना के संबंध में शिवचरन पुत्र ग्यासी पाल निवासी उदगुवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्वजन के मुताबिक महिला घर से पानी लाने के लिए निकली थी। समझा जाता है कि इसी दौरान कुएं में गिर जाने से उसकी जान चली गई। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter