किसान खरीदता रह गया सामान और उसका नोटों से भरा थैला ले उड़ी चोरिनी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

Datia News : दतिया। इंदरगढ़ में एक बार फिर चोरों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए किसान का रुपयों से भरा थैला पार कर दिया। किसान कस्बे में किराने का सामान ले रहा था। तभी उसके साथ यह घटना घटित हो गई।

इंदरगढ़ में हाल ही में भी बेटी की शादी का सामान खरीदने आए रिटायर्ड नायब तहसीलदार के हाथों से भी कुछ बदमाश नोटों से भरा बैग छीन ले गए थे। पुलिस ने मामले की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र शीतला गंज में किराने की दुकान से सामान खरीद रहे एक वृद्ध किसान का रुपयों से भरा थैला अज्ञात लड़की चोरी कर ले गई। थैले में करीब 40 हजार रुपये रखे थे। जानकारी के अनुसार ग्राम लहरा निवासी अशोक मेहरा इंदरगढ़ खरीदारी करने के लिए आया था। तभी वह शीतला गंज स्थित छोटू की किराना की दुकान से सामान खरीदने लगा।

इसी दौरान उसने अपना थैला जिसमें रुपये थे बगल में रख दिया। तभी एक अज्ञात लड़की चुपचाप वहां आई और थैले को उठाकर चलती बनी। जिसमें 40 हजार रुपये रखे हुए थे।

सामान खरीदने के बाद जैसे ही अशोक थैला लेने के लिए मुड़ा तो वह गायब था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने थैले की खोजबीन की। लेकिन कहीं न मिलने पर दुकानदार से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांचने को कहा।

दुकानदार ने जब सीसीटीवी फुटेज जांची तो उसमें एक लड़की अशोक मेहरा का थैला ले जाती हुई नजर आई। घटना की सूचना पीड़ित किसान अशोक ने इंदरगढ़ थाने पहुंचकर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात लड़की की तलाश शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter