भीषण आग में झुलसा गेहूं का खेत, पंडोखर धाम की फायर ब्रिगेड बनी सहारा : त्वरित कार्रवाई से पाया गया काबू

दतिया | जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेरा धनौटी मौजे में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग ने एक किसान की महीनों की मेहनत को पल भर में राख कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे गेहूं के खेत में भड़की आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लगभग 5 बीघा खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण आग बुझाने के लिए जुट गए।

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए कॉल किया, जिसके बाद “पंडोखर धाम की फायर ब्रिगेड” मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और आसपास के खेतों में खड़ी अन्य फसलों को जलने से बचा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर यह फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचती, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान राकेश राजपूत के खेत में गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार खड़ी थी। अचानक आग लगने के कारण कुछ ही मिनटों में लपटें फैल गईं और फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन तेज गर्मी और सूखे हालात को इसकी एक बड़ी वजह माना जा रहा है।

घटना के दौरान एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई। शासन द्वारा भेजी गई फायर ब्रिगेड तकनीकी खराबी के चलते मौके पर बेकार साबित हुई। बताया गया कि उसकी पानी सप्लाई पाइप फटी हुई थी, जिसके कारण वह आग बुझाने में कोई योगदान नहीं दे सकी। इस स्थिति ने प्रशासनिक तैयारियों और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल, ग्रामीणों ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए पंडोखर धाम की फायर ब्रिगेड की सराहना की है, वहीं प्रशासन से मांग की जा रही है कि सरकारी संसाधनों को दुरुस्त रखा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter