खेत पर जा रही युवती की कुएं में गिरने से गई जान : इधर अधेड़ ने फांसी लगाई, पुलिस जांच में जुटी

Datia News : दतिया । पैर फिसल कर कुएं में गिरने से एक युवती की मौत हो गई। घटना जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम जौन्हार में घटित हुई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जौन्हार निवासी राजकुमार अहिरवार की पुत्री कल्पना खेत पर काम करने जा रही थी। तभी अचानक पैर फिसलने से युवती कुएं में जा गिरी। आसपास कोई न होने से युवती की पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि युवती की दो माह बाद शादी होने वाली थी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। जिसे पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

अधेड़ ने फांसी लगाकर की आत्महत्या : वहीं गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उपरांय में 55 वर्षीय हरि सिंह कुशवाहा नामक अधेड़ ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा एवं मामले में मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरु की। फिलहाल यह पता नहीं लग सका है कि अधेड़ ने किन कारणों के चलते की आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बसई में ट्रेन से टकराकर अधेड़ व्यक्ति की मौत : बसई रेल्वे सूखा गेट खंबा नंबर 1052/27 के पास एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से टकराकर मौत हो गई। बसई पुलिस के मुताबिक बुधवार गुरुवार की रात्रि में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत ट्रेन से टकराकर हो जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter