Datia news : दतिया। अपने प्यार को छीनता देख एक युवती ने प्रेमी की शादी में जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। इतना ही नहीं वह मंडप में दूल्हा बने बैठे प्रेमी को भी उठा ले गई। इसके बाद थाने पहुंचकर उसने सारा राज पुलिस के सामने खोल दिया। प्रेमिका ने बताया कि वह शादी करने वाले दूल्हे से पिछले दस साल से रिलेशनशिप में है।
दूल्हा भी उससे प्यार करता है। लेकिन दबाब में शादी कर रहा है। बात इतनी बढ़ी की थाने में ही पंचायत बुलानी पड़ी। आखिरकार दूल्हे के परिजन भी उसकी शादी गर्लफ्रेंड से कराने को राजी हो गए। पूरा मामला दतिया में रहने वाली एक युवती से जुड़ा है।
दतिया की एक युवती रिश्तेदारों के साथ झांसी पहुंचकर न सिर्फ मंडप से दूल्हे को उठा ले गई, बल्कि शादी के लिए अपने गांव भी ले आई और मंदिर में जाकर शादी भी रचा ली।
पूरा घटनाक्रम झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव में घटित हुआ। आखिर पंचायत के बाद सभी पक्ष राजी हुए जहां प्रेमी-प्रेमिका एक हो गए तो वहीं जिस तीसरे पक्ष के यहां बरात जानी थी, वहां प्रेमी के चचेरे भाई की बरात ले जाई गई।
जानकारी के अनुसार डेली गांव निवासी सनी पुत्र देवी प्रसाद की बुधवार शाम को रक्सा के ढीमरपुरा गांव में बरात जानी थी। इससे पहले मंडप में शादी की रस्में चल रही थीं। दूल्हे को सजाया जा रहा था।

तभी दतिया के सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी युवती काजल रिश्तेदारों को लेकर वहां पहुंच गई। सबके सामने उसने कहाकि यह शादी नहीं होने दूंगी, सनी मुझसे प्यार करता है। दोनों के बीच करीब 10 साल से प्रेम संबंध हैं।
मंडप से उठाया और साथ ले गई : युवती ने सनी को जबरन मंडप से उठाया और हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाने लगी। इस पर दूल्हे के परिवार वालों ने विरोध किया। लेकिन वह नहीं मानी और सनी को लेकर सीधे रक्सा थाने पहुंच गई। उसके पीछ-पीछे परिवार के लोग भी वहां जा पहुंचे।
काजल ने पुलिस के सामने बताया कि सनी ने उससे शादी करने का वादा किया था। अब उसकी दूसरे जगह शादी कराई जा रही है। सनी अगर दूसरे से शादी करेगा तो वह जान दे देगी।
बात इतनी बढ़ गई थाने में काफी देर तक पंचायत लगी रही। दूल्हा भी बोला कि वह भी काजल से शादी करना चाहता है। अंत में सभी सनी की युवती से शादी करने पर राजी हो गए। सनी को लेकर युवती दतिया स्थित अपने गांव ले आई व मंदिर में उससे शादी भी कर ली।
तीन साल पहले इसी लड़की से हुई थी सगाई : स्थानीय लोगों के मुताबिक सनी और काजल आपस में रिश्तेदार हैं। सनी का उसके यहां आना-जाना था। वर्ष 2013 से उनके बीच प्रेम सम्बन्ध हो गए।
यह बात परिवार वालों को पता चली तो विरोध हुआ। लेकिन वर्ष 2022 में उनकी शादी के लिए दोनों परिवार वाले तैयार हो गए। उनकी सगाई भी कर दी गई। लेकिन कुछ कारणों के चलते यह सगाई भी टूट गई।
इसके बाद सनी के घरवालों ने गांव की लड़की मुस्कान के साथ उसकी शादी तय कर दी। 30 अप्रैल को बरात जानी थी, लेकिन इसके पहले ही काजल को इस शादी में पहुंच गई।
इधर दुल्हन करती रही बारात का इंतजार : सनी के साथ वह तीसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया जिसके यहां उसकी बरात जानी थी। थाने में पंचायत में पुलिस की मौजूदगी में सभी पक्षों में आपसी सहमति बनी।
इसके बाद सनी और काजल की शादी कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही मुस्कान की शादी के लिए वर के रूप में सनी के चचेरे भाई लकी को तैयार कर उसकी शादी मुस्कान से करा दी गई।