आसमानी आफत का कहर : बिजली गिरने से UP में 37 लोगों की मौत, राजस्थान में 18 ने गंवाई जान

लखनऊ : उप्र में विभिन्न स्थानों पर हुई तेज बारिश के दौरान बिजली गिरनी से 37 लोगों की मौत हो गई। 32 लोग झुलस गए। प्रयागराज में 13, कौशांबी में तीन और प्रतापगढ़ में एक की जान गई।

फतेहपुर में तीन महिलाओं सहित पांच, कानपुर देहात में महिला सहित पांच ने वज्रपात से दम तोड़ा। उन्नाव में चचेरे भाई-बहन की वज्रपात से मौत हो गई। प्रयागराज में पूरे दिन गरज तड़क के साथ रह-रहकर बारिश होती रही। बिजली गिरने की सर्वाधिक घटनाएं यमुनापार क्षेत्र में हुईं।

यहां कोरांव थाना क्षेत्र में तीन, बारा में तीन और करछना में एक व्यक्ति की जान गई। सोरांव तहसील में विभिन्न स्थानों पर छह लोग जान गवां बैठे। मृतकों में एक बालक, दो किशोर, तीन किशोरियां और तीन महिलाएं और अन्य अधेड़ और बुजुर्ग हैं।

एडीएम (वित्त एवं राजस्व) एमपी सिंह ने बताया कि वज्रपात से मरने वालों का विवरण और नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। मृतक आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। कौशांबी में दो लोगों ने जान गंवाई, जबकि एक मौत मंझनपुर तहसील क्षेत्र में हुई।

प्रतापगढ़ में धान की रोपाई कर रहे युवक की जान चली गई। उधर, कानपुर और आसपास के जिलों में रविवार को बिजली गिरने से जिलों में 16 लोगों की मौत हो गई और 14 झुलस गए।

वज्रपात में फतेहपुर में तीन महिलाओं सहित पांच, कानपुर देहात में महिला सहित पांच, हमीरपुर में महिला और एक वृद्ध किसान, उन्नाव में चचेरे भाई-बहन, घाटमपुर में एक युवक और बांदा में एक युवती की मौत हो गई। फर्रुखाबाद में नौ और फतेहपुर में पांच ग्रामीण झुलस गए।

घाटमपुर में 34 बकरियों समेत 39 मवेशियों की मौत हो गई। उरई के महेवा में तीन और चित्रकूट दो भैंसों ने दम तोड़ दिया। वहीं जालौन के देवकली में एक घर क्षतिग्रस्त हो गया, कई गांवों में बिजली से चलने वाले उपकरण फुंक गए।

श्रावस्ती के बरगदहा गांव के कलकलवा मार्जिन बांध के पास तेज गरज व चमक के साथ खेत में बिजली गिरने से धान की रोपाई करने गईं नौ महिलाएं झुलस गईं।

प्रयागराज में बिजली गिरने से जनहानि पर सीएम दुखी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले की तहसील कोरांव, बारा, करछना तथा सोरांव में बिजली गिरने की घटना से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने दिवंगतों के स्वजन को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं, तहसील फूलपुर व सोरांव में घायलों का उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter