गांव की धरती हुई लाल : सामूहिक नरसंहार में पांच लोगों की मौत, मरने वालों में एक ही परिवार के तीन सदस्य

Datia news : दतिया । खेत में मवेशी घुसने का विवाद बुधवार को सामूहिक नरसंहार में बदल गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम रेंडा में अंधाधुंध फायरिंग में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि करीब पांच लोग घायल हुए हैं। गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा छा गया है। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। अधिकांश लोग दोपहर तक घरों से बाहर नहीं निकले। सिर्फ पुलिस और उन परिवारों के लोग ही नजर आए जिनके घर के सदस्य इस घटना में मृत हुए थे।

जिनमें दांगी समाज के तीन और पाल समाज के दो लोगों की जान चली गई। जबकि आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के पिता-पुत्र और भाई शामिल हैं।

देखते ही देखते चलने लगी गोलियां : एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम रेंडा में बुधवार सुबह प्रकाश दांगी का गांव के ही प्रीतम पाल से उसके धान के खेत में मवेशी घुस जाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग बंदूक और अन्य हथियार लेकर आमने सामने आ गए। देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। करीब आधा घंटे से अधिक की गोलीबारी में पूरा गांव गोलियाें की आवाज से गूंज उठा।

इस गोलीकांड में प्रकाश दांगी पुत्र भैयालाल, उसका पुत्र सुरेंद्र दांगी एवं भाई रामनरेश दांगी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष पाल समाज के दो लोगों में राजेंद्र पाल और राघवेंद्र पाल की मौत हुई है। घटना के बाद पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही शवों को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों को भी उपचार के लिए वाहन से अस्पताल पहुंचाया। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Banner Ad

तीन दिन पहले हो गई थी मारपीट : बताया जाता है कि मवेशी घुसने की घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीन दिन पहले भी विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की मारपीट भी कर दी थी। जिसे लेकर राजीनामे की कोशिश कराई गई। लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना को लेकर किसी ने सोचा भी नहीं था। गांव में पांच लोगों की मौत से दहशत का माहौल है। जिन परिवारों के सदस्यों की जान गई है, उनके घरों में चीख पुकार मची रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter